जशपुरनगर (वीएनएस)। वनमण्डल जशपुर द्वारा प्रकृति संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित ‘‘बीज गोला बनाबो-जशपुर के जंगल ला बढ़ाबो‘‘ अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न परिक्षेत्रों में वृहद स्तर पर 2 लाख से अधिक सीडबॉल का रोपण किया गया। रोपण कार्य मनोरा परिक्षेत्र के ग्राम सोगड़ा स्थित भैरवपहाड़, कुनकुरी परिक्षेत्र के हनुमान टेकरी तथा पत्थलगांव परिक्षेत्र के ग्राम ईला में मानव श्रृंखला बनाकर सम्पन्न किया गया।
सीडबॉल तकनीक प्रकृति पुनर्निर्माण की एक प्रभावी एवं पर्यावरण अनुकूल पद्धति है। इस तकनीक में स्थानीय प्रजातियों के बीजों को मिट्टी एवं जैविक पदार्थ के मिश्रण से तैयार गोलों में अंतर्विष्ट कर दुर्गम एवं बंजर भूमि पर फैलाया जाता है। मानसून प्रारंभ होने पर ये सीड बॉल स्वतः अंकुरित होकर वृक्षों में परिवर्तित हो जाते हैं। इस पद्धति से उन क्षेत्रों में भी हरियाली स्थापित की जा सकती है जहां पारम्परिक पौधरोपण संभव नहीं है। इससे जिले के वन क्षेत्र में विस्तार, मृदा संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन में दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा।
इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई। पत्थलगांव परिक्षेत्र में विधायक पत्थलगांव एवं उपाध्यक्ष सरगुजा विकास प्राधिकरण गोमती साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कुनकुरी परिक्षेत्र में जनपद अध्यक्ष सुशिला सिंह एवं पूर्व उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव ने सहभागिता की। मनोरा परिक्षेत्र के ग्राम सोगड़ा भैरवपहाड़ में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबा संभव राम जी सोगड़ा अघोर आश्रम द्वारा की गई। उक्त कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, सामाजिक संगठन, स्व-सहायता समूह, स्थानीय ग्रामीण एवं विद्यालय-महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानव श्रृंखला का निर्माण किया। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों एवं वनों के महत्व के संबंध में उपस्थित जनों को जागरूक किया गया।
वनमण्डलाधिकारी शशि कुमार, भारतीय वन सेवा ने अवगत कराया कि बीज गोला बनाबो-जशपुर के जंगल ला बढ़ाबो अभियान निरंतर संचालित किया जाएगा। अधिकाधिक जनसहभागिता के माध्यम से जशपुर जिले को पर्यावरणीय दृष्टिकोण से समृद्ध, हरित एवं जैव विविधता संपन्न बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने समस्त जिलेवासियों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन के रूप में स्वीकार करते हुए इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। इस पहल से ग्रामीणों, युवाओं एवं विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता में वृद्धि हुई है तथा जिले का हरित आवरण निरंतर बढ़ रहा है।
मनेन्द्रगढ़ वनमंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र खड़गवां के ग्राम ठग्गांव स्थित वनभूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमणों के विरुद्ध वन विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई प...
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष मनेन्द्रगढ़ में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संतन देवी जांगड़े की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक आ...
जिले के ग्राम पिपरिया की महिला किसान सुखवरिया आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं। अन्य किसानों के...
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को सुबह 07 बजे से न्यू कम्युनिटी हॉल कांकेर में सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वा...
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के अंतर्गत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत प्रधानमंत्री...
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग एवं आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत संचालित पोटाकेबिन, आश्रम एवं छात्रावासों के अधीक्षकों की...