वजन त्यौहार के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर ने ली जिला स्तरीय बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Posted On:- 2026-11-24




जांजगीर-चांपा (वीएनएस)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में 01 दिसंबर से 14 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले वजन त्यौहार की तैयारियों एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को वजन त्यौहार के सफल आयोजन में आपसी समन्वय के साथ सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने पूरक पोषण आहार योजना के अंतर्गत प्रदाय की जाने वाली रेडी टू ईट खाद्य सामग्री के उपयोग को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने कहा। उन्होंने गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा 06 माह से 03 वर्ष तक के बच्चों के लिए प्रदायित रेडी टू ईट सामग्री का उपयोग स्वयं पूरक पोषण आहार के रूप में करने के लिए हितग्राहियों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजना अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया कि हितग्राहियों को रेडी टू ईट सामग्री शत-प्रतिशत प्राप्त हो साथ ही इसका उपयोग हो।

बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अनिता अग्रवाल ने बताया कि वजन त्यौहार के दौरान जिले में 0 से 6 वर्ष तक के सभी बच्चों का वजन किया जाएगा। इसके लिए विकासखंड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के मार्गदर्शन में परियोजना अधिकारियों द्वारा माइक्रो प्लान तैयार किया जा रहा है। प्रतिदिन 3 से 5 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का वजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वजन त्यौहार के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा किशोरी बालिकाओं का हीमोग्लोबिन परीक्षण (एनीमिया जांच) भी किया जाएगा। वजन त्यौहार के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा दीवार लेखन भी किया जाएगा।

कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को निर्देशित किया कि अपने-अपने अनुभाग में शामिल परियोजनाओं को जोन एवं क्लस्टर में विभाजित कर जोनल अधिकारियों की नियुक्ति करें तथा क्लस्टरवार तिथि निर्धारित करते हुए वजन त्यौहार की सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण कराएं। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप कार्य करते हुए वजन त्यौहार का सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर आर.के. तम्बोली, अपर कलेक्टर प्रमोद गुप्ता, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।



Related News
thumb

डिजिटल टोकन और बेहतर इंतजामों से धान बेचना हुआ आसान, किसान सीतासरन ...

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धान खरीदी में किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए किए गए इंतजामों से उपार्जन प्रक्रिया सहज और सुविधाजनक हुई है।


thumb

धान खरीदी केंद्रों पर सुविधाजनक व्यवस्था से किसानों को राहत, डिजिटल...

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धान खरीदी में किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए किए गए इंतजामों से उपार्जन प्रक्रिया सहज और सुविधाजनक हुई है।


thumb

सेवा सेतु से महज 5 दिनों में मिले जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र, बे...

आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सरल, सहज और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शुरू की गई सेवा सेतु पहल लोगों क...


thumb

चक्रवात से प्रभावित फसलों में पात्र किसानों को फसल बीमा एवं आरबीसी ...

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने आगामी 1 से 14 दिसम्बर तक आयोजित होने वाले वजन त्यौहार की तैयारियों की ...


thumb

ग्रीष्मकालीन धान के बदले कम पानी वाली दलहन तिलहन फसलों को अपनाने की...

जिले में गिरते भूजल स्तर को नियंत्रित करने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार किसानों से ग्रीष्मकालीन रबी धान की...