अटल आरोग्य लैब बनी मरीजों के लिए संजीवनी, 134 प्रकार की जांच निःशुल्क

Posted On:- 2026-09-03




निजी लैब की दौड़ और जांच के खर्च से मिली राहत, डिजिटल माध्यम से घर बैठे रिपोर्ट की सुविधा

रायपुर (वीएनएस)। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में अटल आरोग्य लैब की सुविधा आम मरीजों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। अब जांच के लिए निजी पैथोलॉजी सेंटरों के चक्कर लगाने और जांच पर खर्च होने वाली राशि की चिंता कम हुई है। अटल आरोग्य लैब के माध्यम से करीब 134 प्रकार की विभिन्न चिकित्सा जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही, जांच रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से प्राप्त करने की सुविधा से मरीजों को समय और धन दोनों की बचत हो रही है।

रायगढ़ निवासी अमन नायक ने अटल आरोग्य लैब की सुविधा का अनुभव साझा करते हुए बताया कि बुखार की शिकायत के बाद वे जिला अस्पताल में रक्त जांच कराने पहुंचे। यहां उन्हें अटल आरोग्य लैब के माध्यम से आवश्यक जांच की सुविधा निःशुल्क मिली। उन्होंने बताया कि लैब में विभिन्न प्रकार की जांचें उपलब्ध हैं और रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से प्राप्त करने की सुविधा भी दी जा रही है।

निःशुल्क जांच से निजी पैथोलॉजी का खर्च हुआ कम

अमन नायक ने बताया कि पहले जांच कराने के लिए निजी संस्थानों का सहारा लेना पड़ता था, जहां जांच पर काफी राशि खर्च होती थी और रिपोर्ट के लिए भी इंतजार करना पड़ता था। अब सरकारी अस्पताल में ही आवश्यक जांच की सुविधा मिलने से आर्थिक बोझ कम हुआ है। उन्होंने कहा कि अटल आरोग्य लैब से जांच प्रक्रिया पहले की तुलना में आसान और सुविधाजनक हुई है।

उन्होंने लैब के स्टाफ और चिकित्सकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल में जांच से लेकर उपचार तक आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने से मरीजों को निजी संस्थानों में जाने की जरूरत कम हो रही है। अमन नायक ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अटल आरोग्य लैब की पहल को आम लोगों के लिए उपयोगी बताया।

समय पर जांच से उपचार में भी तेजी

अटल आरोग्य लैब का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक और विश्वसनीय जांच सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि मरीजों को उपचार के लिए आवश्यक जांच अपने जिले और नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में ही मिल सके। जांच प्रक्रिया को आधुनिक एवं सुविधाजनक बनाने के साथ रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इससे मरीजों को रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार अस्पताल आने की आवश्यकता भी कम होती है।

समय पर जांच रिपोर्ट मिलने से चिकित्सकों को मरीज की स्थिति के अनुसार उपचार संबंधी निर्णय लेने में सुविधा होती है। इस तरह अटल आरोग्य लैब जांच और उपचार के बीच लगने वाले समय को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंची आधुनिक जांच सुविधा

अटल आरोग्य लैब की सुविधा जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले के विभिन्न सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक इसका विस्तार किया गया है। रायगढ़ जिले में जिला चिकित्सालय रायगढ़ के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा, लोईंग, पुसौर, तमनार और खरसिया तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिंजकोट, किरोड़ीमल नगर, कोड़ातराई, मिडमिड़ा, बंगुरसिया, छपोरा, डूमरपाली, जामगांव, नंदेली, नवरंगपुर, पुटकापुरी, संबलपुरी और सिसरिंगा में अटल आरोग्य लैब की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

इससे ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के मरीजों को आवश्यक जांच के लिए रायगढ़ शहर अथवा निजी पैथोलॉजी सेंटरों तक जाने की जरूरत कम हुई है। विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए निःशुल्क जांच की सुविधा बड़ी राहत साबित हो रही है। अटल आरोग्य लैब के माध्यम से जांच सुविधाओं का विस्तार स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और भरोसेमंद बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।



Related News
thumb

अबूझमाड़ की सुकनी बनीं मिसाल

छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है, बल्कि ग्रामीण अंचलों में सुदूर परिवारों के भविष्य को सुरक्षित क...



thumb

आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता नारायणपुर

अपने घर की छांव केवल चार दीवारें या छत नहीं होती, बल्कि यह परिवार की सुरक्षा, समाज में सम्मान और एक बेहतर भविष्य का अटूट भरोसा होती है। इसी सोच को ...


thumb

रजिस्ट्री के खर्च में सीधे मिली राहत : शर्मिला मिश्रा को मिली करीब ...

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें संपत्ति में अधिकार दिलाने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार के महत्वपूर्ण निर्णय का लाभ अब जमीन की रजिस्ट्र...


thumb

खेमड़ा की क्षतिग्रस्त पुलिया हुई दुरुस्त

महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड के ग्राम खेमड़ा में भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त हुई करीब 20 वर्ष पुरानी सड़क की पुलिया की मरम्मत मुख्यमंत्री हेल्पल...