स्वच्छ जांजगीर-नैला अभियान का हुआ शुभारंभ, कलेक्टर ने दिलाई स्वच्छता की शपथ

Posted On:- 2026-08-14




स्वच्छता रैली के जरिए स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त शहर का दिया संदेश

जांजगीर-चांपा (वीएनएस)। जांजगीर-नैला शहर को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में आज स्वच्छ जांजगीर-नैला अभियान की शुरुआत हुई। अभियान के शुभारंभ अवसर पर सांसद कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल की उपस्थित थे।

रैली में नागरिकों को अपने घर, मोहल्ले और शहर को साफ रखने का संदेश दिया गया। रैली के माध्यम से कचरे को अलग-अलग रखने, प्लास्टिक का उपयोग छोड़ने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने और स्वच्छता को रोजमर्रा की आदत बनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। विशेष अभियान के तहत शहर के सभी वार्डों में स्वच्छता और जनजागरूकता की गतिविधियां संचालित की जाएंगी। नगर पालिका द्वारा शत प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने के साथ कचरे को घर से ही अलग-अलग रखने की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाएगा। स्वच्छता दीदियां एवं मैदानी अमला घर-घर संपर्क कर लोगों को गीला और सूखा कचरा अलग रखने तथा निर्धारित समय पर कचरा संग्रहण वाहन को ही कचरा देने के लिए प्रेरित करेगें।

अभियान के दौरान नागरिकों को चार प्रकार के डस्टबिन के माध्यम से कचरे के सही पृथक्करण की जानकारी दी गई। हरे डस्टबिन में गीला कचरा, नीले में सूखा कचरा, लाल में सैनिटरी वेस्ट और पीले डस्टबिन में हानिकारक कचरा रखने के लिए जागरूक किया जाएगा। कचरे को स्रोत पर ही अलग करने से उसके वैज्ञानिक प्रबंधन और उचित निपटान को बेहतर बनाया जा सकेगा। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने अथवा कचरा जलाने वालो पर प्रथम बार 500 रुपये घरेलू एवं 1,000 रुपये व्यावसायिक जुर्माना तथा दूसरी बार 1,000 रुपये घरेलू एवं 2,000 रुपये व्यावसायिक जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

विद्यार्थियों के लिए स्रोत पर कचरा पृथक्करण प्रतियोगिता और सभी 25 वार्डों के बीच होगी स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता -

विशेष स्वच्छता अभियान के अंतर्गत स्कूली विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से स्रोत पर कचरा पृथक्करण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने घर से ही स्वच्छता की शुरुआत करने तथा घर में उपलब्ध चार डस्टबिन की व्यवस्था के अनुसार कचरे का पृथक्करण करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। विद्यार्थी अपने घर में स्रोत पर कचरा पृथक्करण और नगर पालिका के कचरा संग्रहण वाहन को पृथक-पृथक कचरा सौंपने के लिए परिवार के सदस्यों को भी प्रेरित करेंगे। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिला प्रशासन द्वारा प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला के सभी 25 वार्डों के बीच स्वच्छता को लेकर स्वच्छ वार्ड पुरस्कार प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य सभी वार्डों के बीच स्वच्छता को लेकर सकारात्मक प्रतिस्पर्धा विकसित करना तथा नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से अपने-अपने वार्ड को अधिक स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्ड को 1 नवंबर 2026, छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि वार्डवासियों में अपने क्षेत्र को बेहतर बनाने की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और जिम्मेदारी की भावना पैदा करना है। प्रतियोगिता के मूल्यांकन के मापदंड, नियम एवं विस्तृत प्रक्रिया की जानकारी नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला द्वारा अलग से साझा की जाएगी।

अभियान के माध्यम से जांजगीर-नैला को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नागरिकों और व्यापारियों से एकल उपयोग प्लास्टिक से दूरी बनाने की अपील की जा रही है। बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में कपड़े एवं जूट के थैलों के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जाएगा। दुकानदारों को अपनी दुकानों में डस्टबिन रखने और कचरे का निर्धारित तरीके से निपटान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने अथवा कचरा जलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि स्वच्छता आज के समय में हम सभी की आवश्यकता है। स्वच्छ जांजगीर-नैला का निर्माण केवल नगर पालिका के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत अपने घर से करनी होगी। प्रत्येक विद्यार्थी अपने घर में स्वच्छता का संदेश पहुंचाए और परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करे। घर से निकलने वाले कचरे को इधर-उधर न फेंके, उसे सुरक्षित रखें और नगर पालिका के कचरा संग्रहण वाहन को ही सौंपें। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों की सहभागिता स्वच्छता अभियान की सफलता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। बच्चे अपने परिवार और आसपास के लोगों को आसानी से स्वच्छता के प्रति जागरूक कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ अपने घर और मोहल्ले को भी स्वच्छ रखने में भूमिका निभाने की अपील की।

कलेक्टर महोबे ने कहा कि नगर पालिका परिषद के विभिन्न वार्डों के बीच स्वच्छता एवं सुंदरता को लेकर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें सबसे स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और आकर्षक वार्ड का चयन कर उसे पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि वार्डवासियों में अपने क्षेत्र को बेहतर बनाने की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और जिम्मेदारी की भावना पैदा करना है। जब प्रत्येक वार्ड अपने क्षेत्र को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी उठाएगा, तभी पूरा शहर स्वच्छ और सुंदर बनेगा। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से विशेष स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाने तथा अपने घर, मोहल्ले और वार्ड को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

अभियान के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सफाई कर्मचारियों को “स्वच्छता मित्र” के रूप में सम्मानित किए जाने की पहल भी की जाएगी। जिला प्रशासन एवं नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता को केवल अभियान का हिस्सा न मानकर इसे अपनी दैनिक जिम्मेदारी बनाएं और सामूहिक सहभागिता से जांजगीर-नैला को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने में सहभागी बनें। इस अवसर पर उपाध्यक्ष नगर पालिका मोहन यादव, नंदिनी राजवाड़े, अमर सुल्तानिया, इंजी. रवि पांडेय, आनंद मिरी, आशुतोष गोस्वामी, हितेश यादव सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां, सफाई कर्मचारी और नागरिक उपस्थित थे।




Related News
thumb

मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय कन्या छात्रावास...

पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने आज अम्बिकापुर के केशवपुर स्थित स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय कन्या छात्रावास का ...


thumb

कलेक्टर सहित अधिकारियों ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन धारण ...

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आज कलेक्टोरेट सभा कक्ष में कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर ...


thumb

हर घर तिरंगा यात्रा में गूंजा देशभक्ति का संदेश : सांसद ने तिरंगा प...

हर घर तिरंगा अभियान एवं भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय जांजगीर के शहीद स्मारक, कचहरी चौक जांजगीर से पीएम श्री स्वामी आत्...


thumb

प्राकृतिक आपदा के 4 प्रकरणों में मृतकों के परिजनों को कुल 16 लाख रु...

छत्तीसगढ़ शासन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के प्रावधानों के अंतर्गत प्राकृतिक आपदा से होने वाली जनहानि पर प्रभावित प...


thumb

मतदान के लिए जागरूक करने जिला नोडल अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं कार्यालय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छ०ग० रायपुर के दिये निर्देशानुसार मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्...