मुख्यमंत्री साय ने चलित अंतरिक्ष गाड़ी का किया अवलोकन

Posted On:- 2026-04-17




जशपुरनगर (वीएनएस)। जशपुर जिले में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “स्पेस ऑन व्हील्स” कार्यक्रम ने बच्चों में नई ऊर्जा भर दी है। रणजीता स्टेडियम जशपुर में आज भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो की इस विशेष मोबाइल प्रदर्शनी बस का आगमन हुआ। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंतरिक्ष गाड़ी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित रॉकेट, उपग्रह एवं अंतरिक्ष मिशनों से जुड़े विभिन्न मॉडलों का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान

शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जशपुर में अध्ययनरत कक्षा 12 वीं की छात्राएं कुमारी अंशु पासवान, भूमिका डाहरे एवं सारिका साहनी ने स्वयं आगे बढ़कर चंद्रयान, मंगलयान सहित विभिन्न अंतरिक्ष तकनीकों की कार्यप्रणाली को सरल और प्रभावी ढंग से मुख्यमंत्री को समझाया। बच्चों के आत्मविश्वास और वैज्ञानिक समझ की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस प्रकार की पहलें दूरस्थ क्षेत्रों में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में विज्ञान और तकनीक ही विकास की आधारशिला है। ‘स्पेस ऑन व्हील्स’ जैसे कार्यक्रम हमारे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। इससे बच्चों में जिज्ञासा बढ़ेगी, नवाचार की भावना विकसित होगी और वे भविष्य में देश के वैज्ञानिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने जिले में स्पेस ऑन व्हील्स के माध्यम से विभिन्न स्कूलों में जानकारी देने के लिए 17 बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। साथ ही बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी से संबंधित ष्द मैजिक ऑफ नाइट स्काईष् पुस्तिका वितरित किया। 

इस दौरान विधायक पत्थलगांव गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, सरगुजा संभाग के कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेंद सिंह सहित स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

जिले के 10 हजार से अधिक बच्चे होंगे लाभांवित :

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जिले में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के लिए “अन्वेषण” कार्यक्रम के तहत इस पहल का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर रोहित व्यास की पहल एवं विज्ञान भारती के सहयोग से यह कार्यक्रम जिले के सभी विकासखंडों में संचालित होगा। यह विशेष कार्यक्रम 07 अप्रैल से प्रारंभ होकर 14 दिनों तक जिले के विभिन्न विद्यालयों में संचालित किया जा रहा है। इसकी शुरुआत पत्थलगांव से हुई और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह बस प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक विभिन्न स्कूलों में उपलब्ध रहती है। इस अभियान से जिले के 10,000 से अधिक विद्यार्थी प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे।

क्या है स्पेस ऑन व्हील्स :

“स्पेस ऑन व्हील्स” इसरो की एक अत्याधुनिक मोबाइल प्रदर्शनी है, जिसे विशेष रूप से एक बस के रूप में तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य अंतरिक्ष विज्ञान को प्रयोगशालाओं और बड़े संस्थानों से निकालकर सीधे छात्रों और आम जनता तक पहुंचाना है, विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में। इस प्रदर्शनी में पीएसएलवी, जीएसएलवी, चंद्रयान, मंगलयान, आरएलवी, रिमोट सेंसिंग, कम्युनिकेशन और नेविगेशन सैटेलाइट जैसे महत्वपूर्ण मॉडलों को प्रदर्शित किया गया है। ऑडियो-विजुअल डिस्प्ले, इंटरएक्टिव पैनल और लाइव डेमो के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष तकनीक को सरल भाषा में समझाया जा रहा है।

वैज्ञानिक सोच और करियर के लिए प्रेरणा :

इस पहल का उद्देश्य न केवल अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, बल्कि युवाओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना भी है।

विज्ञान भारती के विशेषज्ञों, भौतिकी के व्याख्याताओं और स्वयंसेवकों द्वारा विद्यार्थियों को मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से उन विद्यार्थियों को भी अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी मिल रही है, जो बड़े शहरों या इसरो केंद्रों तक नहीं पहुंच पाते। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और नई पीढ़ी को नवाचार की दिशा में प्रेरित करने का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। “स्पेस ऑन व्हील्स” का जशपुर आगमन न केवल एक प्रदर्शनी, बल्कि युवाओं के सपनों को नई दिशा देने वाला अभियान बन गया है, जो आने वाले समय में जिले को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगा।




Related News
thumb

मुख्यमंत्री ने पीएम जन मन योजना के तहत 5 हितग्राहियों को प्रधानमंत्...

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज रणजीता स्टेडियम में पीएम जनमन योजना के तहत 5 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योज...


thumb

मुख्यमंत्री साय ने ‘मोर गांव, मोर पानी, मोर तरिया’ महाअभियान अंतर्ग...

छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल “मोर गांव, मोर पानी, मोर तरिया महाअभियान” का आज जशपुर के रणजीता स्टेडियम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुभारं...


thumb

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सियान गुड़ी का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विकसित किए गए ‘सियान गुड़ी’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों ...


thumb

मुख्यमंत्री साय ने महिलाओं को ड्रोन प्रदान कर आर्थिक उन्नति करने का...

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज रणजीता स्टेडियम जशपुर में जिला प्रशासन के द्वारा लगाए गए स्टाल का अवलोकन किया और “ल...


thumb

मुख्यमंत्री ने पशु सखियों के लिए बकरी और मुर्गी पालन प्रशिक्षण मार्...

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज जशपुर रणजीता स्टेडियम में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जिला जशपुर म...