एमसीबी (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के समस्त विभागों के निर्माण एवं विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा बैठक हुई।
मंत्री ने विभागवार स्वीकृत, पूर्ण, अपूर्ण, प्रगतिरत एवं अप्रारंभ निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उनकी भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को लंबित एवं अप्रारंभ कार्यों को प्राथमिकता से शुरू कराने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, वनमंडलाधिकारी दिलेश्वर प्रसाद साहू, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकिता सोम, अपर कलेक्टर नम्रता डोगरे, लिंगराज सिदार सहित समस्त डिप्टी कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
खड़गवां से मनेन्द्रगढ़ तक सीधे मार्ग का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
मंत्री जायसवाल ने लोक निर्माण विभाग, सेतु निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने भरतपुर, केल्हारी, चिरमिरी, मनेन्द्रगढ़ एवं खड़गवां क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया, भवन एवं नर्सरी निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बेल्कामार, रतनपुर, मनेन्द्रगढ़, चिरमिरी बाईपास, अमरपुर एवं पाराडोल सहित विभिन्न क्षेत्रों में नवीन सड़क निर्माण के प्रस्ताव तैयार कर बजट स्वीकृति के लिए भेजने को कहा। रापाखेरवा से आमाखेरवा मार्ग की स्थिति की जानकारी लेते हुए खड़गवां से मनेन्द्रगढ़ तक सीधे सड़क मार्ग का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी। इसके साथ ही कठौतिया से जनकपुर तक 106 किलोमीटर सड़क निर्माण की प्रगति की समीक्षा कर कार्य में तेजी लाने को कहा।
गर्मी से पहले दुरुस्त करें पेयजल व्यवस्था
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के वर्ष 2023-24 से 2026-27 तक के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने समूह जल प्रदाय योजनाओं एवं लंबित पेयजल परियोजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने आगामी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए अभी से पेयजल व्यवस्था की तैयारी करने, खराब नलकूपों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा स्कूलों, छात्रावासों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मियों में किसी भी गांव अथवा शैक्षणिक संस्थान में पेयजल की समस्या नहीं होनी चाहिए।
जनकपुर में 120 बिस्तरीय अस्पताल सहित शैक्षणिक संस्थानों के निर्माण में लाएं तेजी
मंत्री जायसवाल ने छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पाेरेशन (सीजीएमएससी) एवं अन्य निर्माण एजेंसियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए जनकपुर में निर्माणाधीन 120 बिस्तरीय अस्पताल को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्यानिकी, पॉलीटेक्निक एवं कृषि महाविद्यालय से संबंधित निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया। इसके साथ ही मनेन्द्रगढ़, चिरमिरी एवं केल्हारी में विश्राम भवन निर्माण के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा।
दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत होगी सड़क अधोसंरचना
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान मंत्री ने प्रधानमंत्री जनमन योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लंबित 16 कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पीएम जनमन योजना के तहत निर्मित की जा रही सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए लंबित कार्यों को करें पूर्ण
जल संसाधन विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने आमाडांड, चिरमिरी एवं मेरो जलाशय सहित विभिन्न जलाशयों और एनीकट निर्माण के लंबित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सिंचाई सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने तथा बरदर नहर से गिद्धमुड़ी तक नहर संबंधी कार्यों के लिए आवश्यक प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
डीएमएफ के तीन अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू कराने के निर्देश
मंत्री ने जिला पंचायत के अंतर्गत संचालित सामुदायिक बाजार हाट, चबूतरा, शेड, मिट्टी-मुरूम सड़क, पुलिया, मुक्तिधाम शेड एवं प्रतीक्षालय निर्माण सहित विभिन्न ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के अंतर्गत तीन अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वर्ष 2022-23 से 2026-27 तक विधायक मद, प्रभारी मंत्री मद, राज्य आपदा न्यूनीकरण, सरगुजा क्षेत्र विकास प्राधिकरण, अनुसूचित जनजाति विकास, ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग विकास तथा मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
किसानों के रकबे संबंधी समस्याओं का शीघ्र करें निराकरण
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री जायसवाल ने किसानों के रकबे शून्य होने से संबंधित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने ऐसे मामलों की जांच कर आवश्यक सुधार की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
चिरमिरी और मनेन्द्रगढ़ में नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर जोर
मंत्री ने चिरमिरी के 36 मोड़ में संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होंने महामाया मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण कराने तथा चिरमिरी एवं मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की साफ-सफाई कराने को कहा। मनेन्द्रगढ़ में आवारा पशुओं के व्यवस्थित प्रबंधन के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा कॉमन सर्विस सेंटरों (सीएससी) की जानकारी एवं बैलगाड़ी में निर्माणाधीन खेल स्टेडियम की प्रगति की समीक्षा की।
50 लाख रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का करेंगे भूमिपूजन एवं लोकार्पण
मंत्री जायसवाल ने 50 लाख रुपये से अधिक लागत के निर्माण कार्यों का उनकी स्थिति के अनुरूप व्यवस्थित रूप से भूमिपूजन एवं लोकार्पण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा, ताकि विकास योजनाओं का लाभ आम नागरिकों को समय पर मिल सके।
निर्माण कार्यों का नियमित स्थल निरीक्षण करें अधिकारी: कलेक्टर
कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने कहा कि समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन का नियमित फॉलोअप किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के निर्माण कार्यों का नियमित स्थल निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने तथा आवश्यकतानुसार सुधार एवं नवीन निर्माण के प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा।
टैगोर नगर स्थित पार्श्वनाथ जिनालय में शुक्रवार को शक्रस्तव महापूजन के साथ तीन दिवसीय प्रथम ध्वजा महोत्सव की शुरुआत हुई।
अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के उद्यमियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से 28 नवंबर को रायपुर में राष्ट्रीय एस...
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ ही किसानों के स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार धान उपार...
जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। जिला प्रशासन द्वारा किसानों की सुविधाओं को ध्या...
खेतों में मेहनत कर अन्न उपजाने वाले किसानों के लिए उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना बड़ी खुशी की बात होती है। वहीं धान विक्रय के साथ अपने स्वास्थ्य की ...
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंर्तगत ग्राम पंचायत खुटिया में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह म...