’जल जीवन मिशन ने बदली पहाड़ी गांव गहन्दर की तस्वीर, पानी जुटाने की जद्दोजहद से मिली मुक्ति’

Posted On:- 2026-11-26




’सौर ऊर्जा से घरों तक पहुंच रहा स्वच्छ जल, साग-सब्जियां उगाकर परिवार का पोषण भी संवार रहीं महिलाएं’

गरियाबंद (वीएनएस)। कभी परिवार की प्यास बुझाने पहाड़ी रास्तों से नाले और झरने से पानी लाना महिलाओं की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा था। मटमैले पानी को कई परतों से छानकर पीने लायक बनाना पड़ता था। आज उन्हीं महिलाओं के घरों में नल से स्वच्छ पानी पहुंच रहा है। पानी जुटाने में लगने वाला समय और श्रम बच रहा है। घरों में साग-सब्जियां उगने लगी हैं और परिवारों के खानपान में भी बदलाव आ रहा है। 

यह तस्वीर गरियाबंद जिले के घने जंगलों के बीच पहाड़ी पर बसे गहन्दर गांव की है, जहां आज भी बिजली नहीं पहुंची है और चारपहिया वाहन से जाना संभव नहीं है। जल जीवन मिशन के तहत सौर ऊर्जा आधारित नल-जल योजना ने यहां विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के परिवारों, खासकर महिलाओं की जिंदगी को नई दिशा दी है।

गरियाबंद जिला मुख्यालय से राजधानी रायपुर की ओर करीब 20 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग-130सी पर ग्राम पंचायत बारूका स्थित है। वहां से करीब 11 किलोमीटर लंबे जंगली रास्ते से होकर पहाड़ी पर बसे इसके आश्रित ग्राम गहन्दर तक पहुंचा जा सकता है। हाथी, हिरण और अन्य वन्य जीवों की आवाजाही वाले इस गांव में कमार जनजाति के करीब 11 परिवार रहते हैं। वनोपज संग्रहण इनकी आजीविका का प्रमुख साधन है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच यहां जीवन की सबसे बुनियादी जरूरत पानी को पूरा करना भी किसी चुनौती से कम नहीं था।

ग्रामीण वर्षों से मौसमी नाले और झरने पर निर्भर थे। शासन द्वारा गांव से कुछ दूरी पर एक हैंडपंप भी लगाया गया था। इसके बावजूद पानी जुटाने के लिए ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। महिलाओं की दिनचर्या का बड़ा हिस्सा परिवार के लिए पानी की व्यवस्था में बीतता था। अब घर में नल लगने से उनकी यह परेशानी दूर हुई है।

’बिजली की बाधा को सौर ऊर्जा से किया दूर’

गहन्दर में बिजली की सुविधा नहीं होने के कारण जल जीवन मिशन के तहत सौर ऊर्जा आधारित नल-जल योजना स्थापित की गई है। इसके माध्यम से सभी घरों में नल कनेक्शन देकर स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है। दुर्गम पहाड़ी और बिजली के अभाव जैसी चुनौतियों के बीच सौर ऊर्जा ग्रामीणों तक पेयजल पहुंचाने का माध्यम बनी है। गहन्दर को अक्टूबर-2024 में श्हर घर जलश् ग्राम घोषित किया गया है।

सरपंच छत्रपाल कुंजाम बताते हैं कि नाले से पानी लाने की मशक्कत ग्रामीणों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी थी। पहाड़ी पर बसे इस गांव के हर घर में पानी पहुंचने से ग्रामीणों को कितनी राहत मिली है, इसका अंदाजा उनके पहले के जीवन को देखकर लगाया जा सकता है। उन्होंने इस बदलाव के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया है।

’पानी के साथ लौटी खुशहाली’

गहन्दर की संत कुमारी और जयंती बाई के जीवन में आए बदलाव में जल जीवन मिशन का व्यापक असर दिखाई देता है। पहले पानी का इंतजाम करने के साथ ही साग-सब्जियों के लिए भी दूर के गांवों तक जाना पड़ता था। अब घरेलू जरूरतों के बाद बचे पानी का उपयोग कर वे अपने घरों में ही साग-सब्जियां उगा रही हैं। यहां के लोगों की थाली में पौष्टिक आहार की उपलब्धता बढ़ी है। महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य में भी सुधार देखने को मिल रहा है।

जयंती बाई इस बदलाव से खुश है। घर में नल लगने के बाद अब वे अपने पारंपरिक कार्यों को अधिक समय दे पा रही हैं और पहले से अधिक लगन से कर रही हैं। गहन्दर में हर घर तक पानी पहुंचने का अर्थ केवल पेयजल की सुविधा मिलना नहीं है। महिलाओं के लिए यह रोजाना के कठिन परिश्रम से राहत, अपने परिवार और आजीविका के लिए अधिक समय तथा बेहतर पोषण का अवसर भी है। कभी पानी की व्यवस्था में खपने वाला महिलाओं का श्रम अब उनके परिवारों की खुशहाली संवारने में लग रहा है।



Related News
thumb

निहारिका बारिक ने धान खरीदी केंद्र बिरकोनी, तुमगांव, बेमचा, कोसरंगी...

छत्तीसगढ़ शासन की अपर मुख्य सचिव एवं महासमुंद जिले की प्रभारी सचिव निहारिका बारिक ने आज जिले के बिरकोनी, तुमगांव, बेमचा कोसरंगी धान खरीदी केन्द्रों ...


thumb

सेवा सेतु बना सुशासन का माध्यम, हेमंत कुमार को आवेदन के दिन ही मिला...

छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु पहल आम नागरिकों को सरल, सहज, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने का माध्यम बन रही है।


thumb

घर बैठे ऑनलाइन टोकन से धान बेचना हुआ आसान, किसान रामलखन ने की खरीदी...

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों की आर्थिक समृद्धि एवं उनकी उपज के सुव्यवस्थित उपार्जन के लिए की गई बेहतर व्यवस्थाओं का सकारात्मक प्रभाव धान खरीदी केंद...


thumb

ऑफलाइन टोकन से धान बेचना हुआ आसान, किसान हीरा सिंह ने की खरीदी व्यव...

जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर किसानों में उत्साह का माहौल है। शासन द्वारा उपार्जन केंद्रों में की ग...


thumb

महापौर व कलेक्टर ने निर्माणाधीन स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज का किया ...

महापौर मधुसूदन यादव एवं कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज राजनांदगांव शहर के निर्माणाधीन स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रग...