न्योता भोज, अन्नदान, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता और पौष्टिक व्यंजन प्रतियोगिता से दिया सुपोषण का संदेश

Posted On:- 2026-09-29




एमसीबी (वीएनएस)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ग्राम चैनपुर के ग्राम पंचायत भवन में पोषण माह 2026 के तहत ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्योता भोज सहित विभिन्न जन जागरूकता एवं पोषण आधारित गतिविधियां आयोजित कर महिलाओं, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य उजित नारायण सिंह रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में चैनपुर सरपंच मीना कुमारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश श्रीवास्तव, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास मनेंद्रगढ़ शशि जायसवाल, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक आरती टोप्पो, उपसरपंच मदन सिंह तथा पंच अकरम, कोमल प्रसाद, राजकुमारी, हीराकली एवं बबली उपस्थित रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम का संचालन परियोजना मनेंद्रगढ़ ग्रामीण की पर्यवेक्षक शिल्पा अग्रवाल ने किया। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों के योगदान को सम्मानित किया जा रहा है। साथ ही पोषण माह के दौरान हितग्राहियों से संवाद कर बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की जा रही हैं।

परियोजना अधिकारी शशि जायसवाल ने महिलाओं से संवाद करते हुए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अन्य शुभ अवसरों पर नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र में ‘न्योता भोज’ का आयोजन कर बच्चों के साथ खुशियां साझा की जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि कुपोषित बच्चों के उपचार एवं पोषण सुधार के लिए चिरमिरी में विशेष कैंप आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पात्र कुपोषित बच्चों का शासन द्वारा निःशुल्क उपचार किया जाएगा।

न्योता भोज और अन्नदान से दिया सुपोषण का संदेश

ग्राम पंचायत भवन परिसर में आयोजित न्योता भोज के अंतर्गत 25 बच्चों को भोजन कराया गया, जबकि ‘अन्न दान महादान’ पहल के तहत 20 गर्भवती महिलाओं को भोजन कराया गया। इस दौरान स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता के अंतर्गत चयनित बच्चों के पालकों को 5 सुपोषण टोकरी प्रदान की गईं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों से संवाद कर 10 महिलाओं को सम्मानित किया गया।

खिलौना दान और हर घर मुनगा अभियान को मिला बढ़ावा

चैनपुर सरपंच द्वारा ‘खिलौना दान योजना’ के अंतर्गत 25 बच्चों को स्लेट वितरित की गई। वहीं ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत ग्राम परिसर में मुनगा के पौधे लगाए गए। पौष्टिक आहार और स्थानीय खाद्य पदार्थों के महत्व को समझाने के लिए पौष्टिक थाली का प्रदर्शन भी किया गया।

कार्यक्रम में महिलाओं के लिए व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के योगदान को सराहा गया। बसंती, राधा, प्रीति, पार्वती एवं प्रियंका सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामों में इस प्रकार के आंगन मिलन एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को शासन की योजनाओं, पोषण, स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु देखभाल तथा कुपोषण से बचाव की जानकारी दी जा रही है। साथ ही विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और अपने परिवार के स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति सजग बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।



Related News
thumb

कलेक्टर व्यास ने जनदर्शन में सुनी आमजन की समस्याएं

कलेक्टर रोहित व्यास ने आज कलेक्टोरेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। कल...


thumb

सेवा संकल्प अभियान : युवाओं को नागरिक विज्ञान से जोड़कर पर्यावरण सं...

सेवा संकल्प अभियान के तहत जशपुर वन मंडल द्वारा जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता पर ज्ञान एवं जागरूकता कार्यक्रम सह प्रशिक...


thumb

महतारी वंदन से जशपुर की महिलाओं को मिला आर्थिक संबल, 639 करोड़ से अध...

छत्तीसगढ़ की महिला सशक्तिकरण यात्रा में महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक संबल का महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेत...


thumb

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल, आत्मनिर्भरता क...

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़...



thumb

गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को शुष्क दिवस घोषित, जिले में मदिरा दुकाने...

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रोहित व्यास द्वारा आबकारी आयुक्त छ.ग. के निर्देश के परिपेक्ष्य में 02 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर शुष्क दिव...