सेवा संकल्प अभियान में वन विभाग की पर्यावरण संरक्षण पहल

Posted On:- 2026-09-23




23 से 25 सितंबर तक जिलेभर में पौधरोपण, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता और जलस्रोतों की सफाई

धमतरी (वीएनएस)। सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से प्रभावी और व्यापक स्वरूप देने के लिए वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, धमतरी वनमंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता पर केंद्रित विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत 23 से 25 सितंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पौधरोपण, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता तथा नदी-घाट और जलस्रोतों की साफ-सफाई सहित विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इस तीन दिवसीय अभियान का उद्देश्य केवल पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराते हुए जनसेवा, स्वच्छता और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना भी है।

पौधरोपण से होगी अभियान की शुरुआत

अभियान के पहले दिन 23 सितंबर को जिला, विकासखंड, ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर निर्धारित स्थलों में पौधरोपण किया जाएगा। इसके अंतर्गत अर्जनी तालाब धमतरी, अटल स्टेडियम कुरूद, भखारा स्टेडियम, वन विश्राम गृह नगरी एवं दुगली, वन परिसर सिंगपुर पंचायत तथा औद्योगिक वार्ड डिपो परिसर धमतरी में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके साथ ही चटौद, कोड़ापार और बगदेही में उद्यानों के शिलान्यास के अवसर पर पौधरोपण भी किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को हरित एवं आकर्षक बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

स्वच्छता के साथ प्लास्टिक मुक्त धमतरी का संदेश

24 सितंबर को पर्यावरण स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त जागरूकता को केंद्र में रखते हुए मानव वन गंगरेल-मरादेव, नया तालाब कुरूद और डिपो परिसर धमतरी में विशेष अभियान चलाया जाएगा। नागरिकों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा स्वच्छ पर्यावरण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया जाएगा।

जलस्रोतों की स्वच्छता से जल संरक्षण का संकल्प

अभियान के तीसरे दिन 25 सितंबर को जल संरक्षण एवं जलस्रोतों की स्वच्छता पर विशेष जोर रहेगा। इस दौरान कोटरवाही नरहरा जलप्रपात, पम्पारनाला सिंगपुर, फुटहामुड़ा जलाशय, महानदी उद्गम फरसियां, नगरी स्थित महामाई मंदिर क्षेत्र तथा गणेशघाट सिंहावा में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

इन प्राकृतिक एवं धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता के साथ लोगों को जलस्रोतों के संरक्षण, जल की महत्ता और अपने आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया जाएगा।

जनभागीदारी से बनेगा पर्यावरण संरक्षण का जनअभियान

इन सभी गतिविधियों में जनप्रतिनिधियों, स्थानीय ग्रामीणों, आम नागरिकों तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। वन विभाग का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।

डीएफओ धमतरी  कृष्ण जाधव ने जिलेवासियों से सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि पौधरोपण, स्वच्छता और जलस्रोतों के संरक्षण जैसे छोटे-छोटे प्रयास मिलकर पर्यावरण संरक्षण का बड़ा जनअभियान बन सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से इन गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता कर स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-संवेदनशील धमतरी के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया है।



Related News
thumb

सेवा की कहानी : स्टॉपडेम से खुशहाल हुए आदिवासी परिवार

गांव में रहने वाले किसानों ने बताया कि जब स्टॉपडेम निर्माण कार्य पूर्ण हो गया तो हमने सौर सुजला योजना से पंप लगा लिए हैं। अब सौर ऊर्जा संयंत्र से आ...


thumb

उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिक व संस्था को ‘श्रम यशस्वी पुरस्कार’ ...

छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग ने श्रम के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिकों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए स्व. रामानुज प्रताप स...


thumb

संकल्प अभियान के तहत देमार क्लस्टर में जेंडर सभा एवं आम सभा का आयोजन

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने कहा कि गांव के विकास को व्यापक और सहभागी स्वरूप देने के लिए महिलाओं की सक्रिय भागी...


thumb

सेवा संकल्प अभियान में वन विभाग की पर्यावरण संरक्षण पहल

अभियान के तीसरे दिन 25 सितंबर को जल संरक्षण एवं जलस्रोतों की स्वच्छता पर विशेष जोर रहेगा। इस दौरान कोटरवाही नरहरा जलप्रपात, पम्पारनाला सिंगपुर, फुट...


thumb

सेवा संकल्प अभियान: विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत की ओर युवाओं की...

परिचर्चा में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा युवाओं के लिए संचालित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं, ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’, ‘विकसित छत्तीसगढ़’ से ‘व...