कवर्धा के प्रमुख मार्ग होंगे नो-वेंडिंग जोन, सड़क घेरने वालों पर होगी कार्रवाई

Posted On:- 2026-09-08




शहर में यातायात सुधारने नगर पालिका का बड़ा फैसला

कवर्धा (वीएनएस)। शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव, मुख्य मार्गों पर व्यवसायिक गतिविधियों के कारण होने वाले अवरोध और आम नागरिकों को आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए नगर पालिका परिषद कवर्धा ने बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। परिषद की बैठक में चर्चा के बाद शहर के प्रमुख मार्गों को नो-वेंडिंग जोन घोषित करने की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही यातायात को प्रभावित करने वाले चबूतरा, ठेला, गुमटी एवं अन्य प्रकार के व्यवसायिक अवरोधों को चिन्हांकित कर हटाने का भी निर्णय लिया गया है।

नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों में व्यवसाय एवं व्यापार के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र निर्धारित करने पर विचार किया गया। यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने और सड़कों को सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से प्रस्तावित क्षेत्रों की समीक्षा के बाद कुछ क्षेत्रों को प्रस्ताव से हटाते हुए शेष क्षेत्रों को नो-वेंडिंग जोन घोषित करने की स्वीकृति दी गई।

इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा फोकस
नगर पालिका परिषद द्वारा प्रस्तावित नो वेडिंग क्षेत्रों में अंबेडकर चौक से सर्किट हाउस होते हुए हनुमंत वाटिका तक, अंबेडकर चौक से सिग्नल चौक तक, सिग्नल चौक से ऋषभ देव चौक तक, सिग्नल चौक से ठाकुर देव चौक तक, सिग्नल चौक से परशुराम झंडा चौक तक तथा दंतेश्वरी मंदिर जाने वाले मार्ग से मिनीमाता चौक तक के क्षेत्र शामिल किए गए हैं।

सड़क पर व्यवसाय के कारण बढ़ रहा था यातायात दबाव
शहर के प्रमुख मार्गों पर कई स्थानों पर दुकानों के सामने चबूतरे, ठेले, गुमटियां एवं अन्य अस्थायी संरचनाओं के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है। इससे वाहनों के आवागमन के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। व्यस्त समय में इन स्थानों पर यातायात का दबाव और बढ़ जाता है। नगर पालिका परिषद द्वारा अब ऐसे स्थानों को चिन्हांकित कर व्यवस्थित कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य किसी के व्यवसाय को अनावश्यक रूप से प्रभावित करना नहीं, बल्कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों को यातायात के लिए सुगम एवं व्यवस्थित रखना है।

जनसुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता : नगर पालिका अध्यक्ष
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रवंशी ने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात को देखते हुए सड़कों को व्यवस्थित और अतिक्रमणमुक्त रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का पहला उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा, “शहर के प्रमुख मार्गों पर यदि सड़क का हिस्सा चबूतरे, ठेले, गुमटियों या अन्य व्यवसायिक गतिविधियों के कारण घिर जाता है तो इसका सीधा असर यातायात और आम नागरिकों की सुविधा पर पड़ता है। परिषद ने जनहित को ध्यान में रखते हुए नो-वेंडिंग जोन निर्धारित करने का निर्णय लिया है। यातायात को प्रभावित करने वाले स्थानों को चिन्हांकित कर नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाएगी।” चंद्रवंशी ने कहा कि व्यवस्थित बाजार और सुगम यातायात किसी भी शहर की पहचान होते हैं। नगर पालिका द्वारा शहर के विकास के साथ-साथ यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और सार्वजनिक स्थानों के बेहतर प्रबंधन पर भी लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से भी अपील की कि वे सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह से व्यवसाय न करें जिससे दूसरे लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो।

नियमों का पालन नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई-सीएमओ
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने बताया कि नगर पालिका द्वारा अब संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण कर यातायात प्रभावित करने वाले चबूतरा, ठेला, गुमटी और अन्य व्यवसायिक गतिविधियों को चिन्हांकित किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इस निर्णय से शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नो-वेंडिंग जोन लागू होने के बाद प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही सुगम होने, पैदल यात्रियों को राहत मिलने और बाजार क्षेत्रों में यातायात दबाव कम होने की उम्मीद है।



Related News
thumb

नक्सली लीडर प्रभाकर और पत्नी राजे कांगे को 7-7 साल की सजा

नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच पुराने नक्सली मामलों में अदालत की सुनवाई तेज हो गई है। उत्तर बस्तर में DKSZC रैंक के नक्सली


thumb

राधा-कृष्ण बनकर बच्चों ने लूटी महफिल

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर अमासिवनी स्थित सुधा ओपन स्कूल के बच्चों ने राधा-कृष्ण और कान्हा के मनमोहक रूप में अपनी शानदार प्रस्तुति से लोगों


thumb

क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा में कवर्धा की भिनुप्रिया ने राष्ट्रीय स्तर पर...

खेलों और खिलाड़ियों के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्था क्रीड़ा भारती द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ऑनलाइन क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा ने कवर्धा की कक्ष...


thumb

छत्तीसगढ़ी को आठवीं अनुसूची में शामिल कराने के लिए सकारात्मक पहल

राज्यपाल रमेन डेका से लोक भवन में छत्तीसगढ़ी भाषाविदों ने भेंट कर छत्तीसगढ़ी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने तथा इसके संरक्षण, संवर...


thumb

वेब पोर्टल पर मिलेगी निजी विश्वविद्यालयों की जानकारी, राज्यपाल ने क...

राज्यपाल रमेन डेका ने मंगलवार को लोक भवन में छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग द्वारा तैयार किए गए नए वेब पोर्टल cgpurc.cgstate.gov.in का ...