हरेली पर हरित जीपीएम का संकल्प, मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया पौधरोपण

Posted On:- 2026-08-12




डोंगरिया में जिला स्तरीय पौधरोपण और हरेली उत्सव

रायपुर (वीएनएस)। पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल ने हरेली तिहार पर डोंगरिया के चारागाह स्थल में पौधरोपण कर जिलेवासियों को पर्यावरण संरक्षण और हरियाली विस्तार का संदेश दिया। उन्होंने ‘हरित जीपीएम अभियान’ के तहत व्यापक जनभागीदारी से जिले में 3 लाख 36 हजार से अधिक पौधों के रोपण की पहल की सराहना करते हुए कहा कि हरेली जैसे प्रकृति और कृषि से जुड़े पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपरा को नई दिशा देने वाला कदम है।

जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय वृक्षारोपण एवं हरेली उत्सव का शुभारंभ पारंपरिक कृषि यंत्र नागर एवं कोपर की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। चारागाह स्थल डोंगरिया में वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया के सभागार में मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, अधिकारी-कर्मचारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

हरेली की हरियाली को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना सराहनीय पहल
प्रभारी मंत्री अग्रवाल ने कहा कि हरेली तिहार छत्तीसगढ़ की कृषि, प्रकृति और लोकजीवन से गहराई से जुड़ा पर्व है। इस पावन अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा जनभागीदारी और जनसहयोग से जिले को हरा-भरा, स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जाना अत्यंत सराहनीय है।

हरेली पर पौधरोपण से दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
विधायक एवं मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रणव कुमार मरपच्ची ने कहा कि हरेली तिहार खुशहाली, सुख-समृद्धि और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व है। इस अवसर पर पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना समाज के प्रत्येक वर्ग को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करता है।

गांव से शहर तक चला हरित जीपीएम अभियान
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने बताया कि हरित जीपीएम अभियान को जिले के सभी वर्गों की सहभागिता से व्यापक स्वरूप दिया गया है। अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतों, नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, छात्रावास-आश्रमों, स्वास्थ्य केन्द्रों और शासकीय कार्यालय परिसरों सहित विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण किया गया।

इसके साथ ही गौठानों, चारागाहों, सड़क एवं नदी किनारे, अमृत सरोवरों तथा प्रधानमंत्री आवास परिसरों में भी पौधे रोपे गए। अभियान के तहत जिले में 3 लाख 36 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया है।

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिलेवासियों से अपील की कि पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और संवर्धन को भी अभियान का अभिन्न हिस्सा बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आज रोपा गया प्रत्येक पौधा आने वाले वर्षों में जिले की हरियाली, जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

फलदार, छायादार और औषधीय प्रजातियों के पौधों का रोपण
हरित जीपीएम अभियान के अंतर्गत विभिन्न वानिकी, फलदार एवं औषधीय प्रजातियों के पौधे रोपे गए। इनमें पाम, अशोक, आम, जामुन, अमरूद, नींबू, मुनगा, गुलाब जामुन, कटहल, हर्रा, बहेरा, करंज, आंवला, महुआ, सीताफल और बांस सहित अनेक प्रजातियां शामिल हैं।

इन पौधों के रोपण से जिले के हरित आवरण में वृद्धि के साथ स्थानीय स्तर पर फलदार एवं उपयोगी वृक्षों की उपलब्धता बढ़ेगी। वहीं औषधीय एवं वानिकी प्रजातियां पर्यावरणीय संतुलन और जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

पौधों की सुरक्षा और देखभाल का लिया सामूहिक संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय ने रोपित पौधों को सुरक्षित रखने, नियमित देखभाल करने और उन्हें जीवित रखने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को केवल पौधरोपण तक सीमित न रखते हुए उसके संरक्षण और संवर्धन को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

हरेली के अवसर पर आयोजित यह आयोजन छत्तीसगढ़ की कृषि एवं लोकपरंपरा और पर्यावरण संरक्षण के बीच मजबूत संबंध को रेखांकित करता है। पारंपरिक कृषि यंत्रों की पूजा से शुरू हुआ कार्यक्रम पौधरोपण और उनके संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ संपन्न हुआ। इस तरह हरेली तिहार के माध्यम से ‘हरित जीपीएम’ का संदेश गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने की सार्थक पहल की गई।



Related News
thumb

“रामलला के दर्शन को रवाना हुआ बीजापुर, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा...

अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की अभिलाषा लिए बीजापुर जिले के श्रद्धालुओं का जत्था रामलला दर्शन रथ के माध्यम से अयोध्या के ...


thumb

किसानों की समृद्धि से ही समृद्ध होगा छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री विष्णु...

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज हरेली तिहार के पावन अवसर पर नवा रायपुर में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा के नवीन शासकीय आवास में आयोजित गृह प्...


thumb

शहादत को सलाम, हर घर तिरंगे के नाम : बीजापुर में गूंजा देशभक्ति का ...

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत बीजापुर जिले में व्यापक स्तर पर देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।


thumb

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी हरेली की बधाई

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ के पहले त्योहार हरेली पारंपरिक तरीके से पूजा-पाठ कर मनाई।


thumb

“पहला दूध, पहला हक” का संदेश लेकर 280 माताओं तक पहुंचा जागरूकता अभियान

माँ और शिशु के बेहतर स्वास्थ्य तथा स्वस्थ बचपन की नींव मजबूत करने के उद्देश्य से विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग एवं स्वा...


thumb

पगडंडी से पक्की सड़क तक पहुंचा अबुझमाड़, विकास की राह पर बढ़े जनजातीय ...

अबुझमाड़ का नाम आते ही दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और लंबे समय तक सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से दूर रहे गांवों की तस्वीर सामने आती है।