नई दिल्ली(वीेनएस)।संविधान दिवस के मौके पर प्रकाशित एक लेख में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आपातकाल के दौरान संविधान में किए गए संशोधनों पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि अतीत में एक दल ने अनुच्छेद 356 का लगभग सौ बार इस्तेमाल कर निर्वाचित सरकारों को बर्खास्त किया। साथ ही उन्होंने रेखांकित किया कि राजग सरकार ने कमजोर वर्गों के अधिकारों और संविधान की मजबूती के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय संविधान उनके सहित करोड़ों नागरिकों के जीवन का अभिन्न हिस्सा है, लेकिन आपातकाल के चरम दौर में इसमें बड़े पैमाने पर संशोधन किए गए, जिससे न्यायिक समीक्षा की शक्ति सीमित हो गई और संस्थागत शक्तियों के संतुलन में मौलिक रूप से बदलाव आया। मोदी ने कांग्रेस का नाम लिये बगैर उस पर पार्टी के शासनकाल के दौरान संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए अनुच्छेद-356 का बार-बार दुरुपयोग किया जाना एक और चिंताजनक अध्याय है।नक्शे देखें
प्रधानमंत्री की ये टिप्पणियां बृहस्पतिवार को संविधान दिवस के मौके पर प्रमुख अखबारों में प्रकाशित उनके हस्ताक्षर वाले एक लेख का हिस्सा हैं। मोदी ने कांग्रेस की तरफ इशारा करते हुए कहा कि एक पार्टी का लगभग 100 बार अनुच्छेद-356 लागू करने का “संदिग्ध” रिकॉर्ड है और एक पूर्व प्रधानमंत्री ने तो इस मामले में अर्द्धशतक तक लगाया था। उनकी यह टिप्पणी इंदिरा गांधी की तरफ लक्षित मानी जा रही है।
मोदी ने कहा, “हमारे संविधान निर्माताओं को उम्मीद थी कि इसे पूरे भारत में अक्षरशः और उसकी मूल भावना के अनुरूप लागू किया जाएगा।” उन्होंने कहा कि आपातकाल के चरम दौर में किए गए 42वें संविधान संशोधन को 50 साल हो चुके हैं और इसने न्यायिक समीक्षा की शक्ति सीमित कर दी थी तथा संस्थागत शक्तियों के संतुलन को बुनियादी तौर पर बदल दिया था। मोदी ने कहा, “मैं युवाओं से आग्रह करूंगा कि वे 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का अध्ययन करें, ताकि उन्हें पता चल सके कि सत्ता का भूखा और संविधान-विरोधी नेतृत्व क्या कुछ कर सकता है।” आपातकाल के दौरान 42वें संविधान संशोधन अधिनियम, 1976 के तहत संविधान में व्यापक बदलाव किए गए थे। आमतौर पर ‘मिनी संविधान’ के नाम से जाने जाने वाले इस संशोधन के जरिये संविधान की प्रस्तावना में ‘समाजवादी’, ‘धर्मनिरपेक्ष’ और ‘अखंडता’ शब्द जोड़े गए थे।
प्रधानमंत्री ने बृहस्पतिवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्होंने अपने लेख में संविधान और संविधान सभा की विशिष्टता को रेखांकित किया है। उन्होंने कहा, ‘‘(मैंने लेख में इस बात पर प्रकाश डाला है कि) भारतीय संविधान मेरी यात्रा का अभिन्न हिस्सा कैसे है, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने किन तरीकों से संविधान को मजबूत किया है और सामाजिक एवं आर्थिक न्याय को बढ़ावा देने की दिशा में कौन-से प्रयास किए गए हैं।’’ मोदी ने कहा कि लेख में इस बात को भी रेखांकित किया गया है कि कैसे उन लोगों ने संविधान को रौंदा, जिन्होंने पांच दशक तक देश पर शासन किया और कैसे एक पार्टी ‘विरोध पक्ष’ से बदलकर ‘अवरोध पक्ष’ बन गई है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर और उसके नागरिकों को विशेष दर्जा देने वाले संवैधानिक प्रावधानों को निरस्त किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 और 35ए के कारण जम्मू-कश्मीर में 70 वर्षों से अधिक समय तक संविधान पूरी तरह से लागू नहीं किया जा सका, जिससे अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदायों तथा महिलाओं के अधिकारों का हनन हुआ।नक्शे देखें
मोदी ने कहा, “वर्ष 2019 में ही इस ऐतिहासिक गलती को सुधारा गया।” उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान उनके सहित करोड़ों नागरिकों के जीवन का अभिन्न हिस्सा है और इसकी असाधारण भावना ने एक साधारण तथा वंचित पृष्ठभूमि से आने वाले बालक को भी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व करने में सक्षम बनाया। मोदी ने कहा कि उनकी सरकार का प्रयास रहा है कि संविधान के साथ लोगों, खासकर युवाओं की सामूहिक चेतना का जुड़ाव और गहरा हो तथा भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए जरूरी एकता की भावना को और मजबूती मिले। उन्होंने कहा कि भारत एक विविधतापूर्ण देश है, जहां अनेक धर्म, भाषाएं, रीति-रिवाज और विचारधाराएं मौजूद हैं, ऐसे में उसके लिए महत्वपूर्ण है कि संविधान का प्रभाव संसद और अदालतों के दायरे से कहीं आगे तक महसूस किया जाए।
मोदी ने कहा कि इसी उद्देश्य से केंद्र की राजग सरकार ने एक दशक से भी अधिक समय पहले 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का फैसला लिया था। उन्होंने कहा, “मेरे सहित करोड़ों भारतीयों के लिए भारत का संविधान हमारी जीवन यात्रा का अभिन्न हिस्सा है।” मोदी ने कहा कि वह जब भी अपने बचपन, रोजमर्रा के संघर्षों और उन साधारण परिस्थितियों को याद करते हैं, जिनमें उनका पालन-पोषण हुआ, तो उनके मन में संविधान के प्रति कृतज्ञता की गहरी भावना उमड़ पड़ती है। उन्होंने कहा, “एक साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि वाले परिवार में जन्मे ऐसे बालक को एक दिन दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा करने की जिम्मेदारी सौंपी जाती है, जिसे जन्म से कोई विशेष सुविधा या लाभ नहीं मिला, यह इस बात का बड़ा प्रमाण है कि हमारा संविधान कितना असाधारण है।” मोदी ने कहा, “हमने अपने छोटे से प्रयास के जरिये संविधान को मजबूत करके इस कृतज्ञता का ऋण चुकाने की कोशिश की है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने संविधान को अंगीकार किया था और आज इस अवसर पर सभी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान सभा के प्रत्येक सदस्य को याद कर रहे हैं।नक्शे देखें
उन्होंने कहा, “सामाजिक और आर्थिक न्याय की खोज हमारे संविधान के मूल ढांचे में समाहित है। ऐसे में संविधान निर्माताओं की इस परिकल्पना को साकार करने की दिशा में काम करने से अधिक संतोषजनक और क्या हो सकता है?” मोदी ने कहा कि विश्व बैंक की एक हालिया रिपोर्ट में इस बात को रेखांकित किया गया है कि लगभग 50 करोड़ भारतीय गरीबी के दायरे से बाहर निकल चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पीढ़ियों से चले आ रहे अभावों से मुक्त होकर अब करोड़ों माता-पिता अपने बच्चों के बेहतर भविष्य का सपना देख सकते हैं।’’ मोदी ने अपने शासनकाल में संविधान में किए गए अहम संशोधनों का जिक्र करते हुए कहा कि 101वें संशोधन के जरिये वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू हुआ, जो एक बहुप्रतीक्षित सुधार था।
उन्होंने कहा कि 102वें संशोधन के जरिये राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया गया, जिससे समाज के वंचित वर्गों का एक पुराना सपना पूरा हुआ। मोदी ने कहा, “103वें संशोधन को व्यापक सामाजिक स्वीकृति मिली। आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को आरक्षण देकर इसने उन समुदायों के आर्थिक रूप से वंचित परिवारों की लंबे समय से उपेक्षित आकांक्षाओं को पूरा किया, जो मौजूदा आरक्षण व्यवस्था के दायरे से बाहर थे।” उन्होंने कहा कि 1950 के बाद पहली बार संविधान का अद्यतन संस्करण आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे यह लोगों के और करीब पहुंच गया है।
मोदी ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) लागू करके देश की आपराधिक न्याय प्रणाली में किए गए व्यापक बदलाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य औपनिवेशिक काल की दंड-केंद्रित व्यवस्था से हटकर नागरिक-केंद्रित न्याय की दिशा में आगे बढ़ना है। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर परोक्ष हमला करते हुए कहा कि भारत के इतिहास में ऐसे मौके आए हैं, जब उन लोगों ने ही संविधान को कमजोर किया, जिन्हें उसकी रक्षा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।नक्शे देखें
उन्होंने कहा, ‘‘विडंबना यह है कि ये वही लोग हैं, जिन्हें पांच दशक तक भारत पर शासन करने का मौका मिला था।’’ मोदी ने कहा कि 1951 में किए गए पहले संविधान संशोधन के इस वर्ष 75 साल पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उस समय एक ऐसी सरकार ने अंतरिम संसद में अपने बहुमत का इस्तेमाल कर मौलिक स्वतंत्रताओं को सीमित कर दिया था, जिसे जनता ने सीधे तौर पर नहीं चुना था। मोदी ने कहा, “भारत के पहले आम चुनाव से कुछ ही महीने पहले इस संशोधन को किया जाना यह साबित करता है कि इसका मकसद चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करना और जनता के विरोध को दबाना था।” प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत एक निर्णायक मोड़ पर खड़ा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम कर रही है और इस सामूहिक प्रयास में दो सरल, लेकिन प्रभावशाली सिद्धांत हमारा मार्गदर्शन कर सकते हैं : पहला-हमारी सोच में ‘राष्ट्र प्रथम’ का भाव और दूसरा-हमारे कार्यों में ‘कर्तव्य’ का भाव।
संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ में कांग्रेस ने संविधान रक्षा मार्च निकाला। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि बीजेपी और उत्तर प्रदे...
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इसमें पांच साल में 25 लाख सरकारी...
आज़ाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद ने घोषणा की कि 2027 में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की सरकार बनने पर मुस्लिम और पिछड़े वर्ग से उपमुख्यमंत्...
मुंबई के शिवाजी पार्क में बिना अनुमति प्रदर्शन मामले में कॉकरोच जनता पार्टी नेताओं अभिजीत डिपके और आशुतोष रांका के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी हुआ है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में घोषणा की कि सभी भाजपा शासित राज्य समान नागरिक संहिता यानी UCC लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि संविधान नि...