बीजेपी-एसए-डी गठबंधन से पंजाब में बदलाव का रास्ता खुलेगा, अमित शाह ने आप सरकार पर साधा निशाना

Posted On:- 2026-11-25





नई दिल्ली(वीएनएस)।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन का ऐलान करते हुए आम आदमी पार्टी सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशे की समस्या से पूरी तरह मुक्त कर देगा। शाह ने करतारपुर साहिब गलियारे को लेकर आप और कांग्रेस की ओर से की जा रही राजनीति की भी कड़ी निंदा की।
गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा-शिअद गठबंधन ‘वादाखिलाफी’ करने वाली आम आदमी पार्टी (आप)सरकार को सत्ता से हटाने के लोगों के संकल्प को और मजबूत करेगा और राज्य में परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेगा। शाह ने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार असल में एक ऐसी सरकार है, जो अपने वादों से पलट गई है। यह अपने किए गए किसी भी वादे को पूरा करने में नाकाम रही है।
पंजाब की जनता ने सुनिश्चित कर लिया है कि वह ऐसी सरकार और उसमें शामिल ऐसे लोगों को बर्दाश्त नहीं करेगी, जिन्होंने गुरुओं का अनादर किया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा और शिअद के एक साथ आने से मुझे विश्वास है कि पंजाब की जनता का यह संकल्प और भी मजबूत होगा, जिससे बदलाव का मार्ग प्रशस्त होगा।” शाह ने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी की सरकार ‘वादा खिलाफी’ सरकार है’’ शाह ने शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में भाजपा-शिअद गठबंधन की घोषणा करने के बाद यह टिप्पणी की। गठबंधन की घोषणा करने के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और दोनों पार्टियों के अन्य नेता भी मौजूद थे। शाह ने आरोप लगाया कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी की सरकार ने पंजाब से मादक पदार्थों की समस्या को ‘तीन महीने के भीतर’ खत्म करने का वादा किया था, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि इसी तरह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी 2017 के विधानसभा चुनावों के दौरान पंजाब में मादक पदार्थों की समस्या को खत्म करने का वादा किया था, लेकिन ‘‘वह इस मुद्दे पर कोई कदम उठाने में विफल रहे’’। शाह ने कहा कि आने वाले दिनों में भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पंजाब से जुड़े कई अहम मुद्दों को शामिल करते हुए अपना घोषणापत्र जारी करेंगे। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘लेकिन, मैं एक बात बिल्कुल स्पष्टद कर देना चाहता हूं।
पंजाब से मादक पदार्थों की समस्या को खत्म करना हमारा मुख्य उद्देश्य होगा। पंजाब से भ्रष्टाचार को मिटाने के साथ ही राज्य के भीतर राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना भी हमारा लक्ष्य होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं वहां पहले किए गए अपने एक वादे को फिर से दोहराना चाहता हूं कि 31 दिसंबर 2029 तक, हम पंजाब को नशे की समस्या से पूरी तरह मुक्त कर देंगे।’’ शाह ने कहा कि पिछले तीन महीनों में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के बीच हुई व्यापक चर्चा के बाद, पंजाब के किसानों के सामने आ रही चुनौतियों से निपटने के लिए एक खाका तैयार किया गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य के आर्थिक विकास और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को लेकर भी एक कार्ययोजना तैयार की गई है।
उन्होंने कहा कि अगर पंजाब में राजग सरकार आती है, तो वह इसी कार्ययोजना को क्रियान्वित करेगी। शाह ने कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि पंजाब की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजग की शानदार जीत सुनिश्चित करेगी। पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए दोनों पार्टियों के साझा संकल्प को जनता का पूरा आशीर्वाद जरूर मिलेगा।’’ केंद्रीय मंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए करतारपुर साहिब गलियारे को लेकर ‘राजनीति’ करने के लिए आप और कांग्रेस की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद, राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर इसे कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था। शाह ने कहा, ‘‘जैसे ही यह समस्या पूरी तरह सुलझ जाएगी, हम तुरंत पूरे सम्मान के साथ करतारपुर साहिब को खोल देंगे। हमने इसे बनाया है।
हम बस इतना चाहते हैं कि हिंदू और सिख, दोनों ही श्रद्धालु जिनके मन में करतारपुर साहिब और गुरुओं के प्रति श्रद्धा है, वहां जाएं और मत्था टेकें। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए बिना किसी वजह के इसे बंद करने का सवाल ही नहीं उठता, और मेरा मानना ​​है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए।’’ शाह की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब आप और कांग्रेस ने केंद्र से तीर्थयात्रियों के लिए करतारपुर साहिब गलियारे को फिर से खोलने की मांग की है। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि करतारपुर साहिब गलियारे की मांग आजादी के समय से की जा रही थी, लेकिन इसे मोदी सरकार ने अमली जामा पहनाया।शाह ने कहा, ‘‘मेरा मानना ​​है कि अगर उस समय हमारी पार्टी सत्ता में होती, तो करतारपुर साहिब आज भारत का हिस्सा होता। कांग्रेस की लापरवाही के कारण ही आज इतना महत्वपूर्ण स्थान भारत का हिस्सा नहीं है।’’



Related News
thumb

मजबूत सुधारों और निवेश से आकार ले रहा विकसित भारत 2047: प्रधानमंत्र...

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि विकसित भारत 2047 यात्रा मजबूत सुधारों और मुख्य सेक्टर्स में निवेश से आकार ले रही है। पीएमओ इंडिया ने ...


thumb

एसएडी-बीजेपी गठबंधन पर पंजाब कांग्रेस का हमला, अस्तित्व बचाने के लि...

पंजाब कांग्रेस ने शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के फिर से साथ आने को हताशा में किया गया राजनीतिक समझौता बताया है। विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सि...


thumb

सुप्रीम कोर्ट से राहुल गांधी को मिली राहत, सीबीआ-ईडी जांच का आदेश र...

सुप्रीम कोर्ट ने आय से अधिक संपत्ति मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को राहत देते हुए इलाहाबाद हाई कोर्ट का आदेश रद्द कर दिया है, जिसमें सीबीआई ...


thumb

देश की युवा पीढ़ी गुलामी के प्रभाव से मुक्त है और राष्ट्र को मजबूत ...

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि अनेक विविधताओं के बावजूद भारत प्राचीन काल से हम की भावना से एकजुट रहा है। यह एकता किसी बाहरी खतरे की मोहताज नहीं...


thumb

सुप्रीम कोर्ट में दीपम न जलने पर तमिलनाडु सरकार ने मांगी माफी, मंदि...

मदुरै के जिला कलेक्टर ने शीर्ष अदालत में स्थिति रिपोर्ट पेश कर दीपथून पर दीप न जलने के लिए खेद व्यक्त किया। रिपोर्ट में बताया गया कि मंदिर के न्यास...