बारिश ने रोका कांग्रेस का 'सार्वजनिक महाभियोग', कल फिर होगा आयोजन

Posted On:- 2026-10-30




नई दिल्ली (वीएनएस)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'सार्वजनिक महाभियोग' का कार्यक्रम ख़राब मौसम को देखते हुए टाल दिया गया है। सूत्रों ने बताया कि अब यह 'सार्वजनिक महाभियोग' 31 अक्तूबर को होने की संभावना है। यह तारीख विपक्षी गठबंधन की रामलीला मैदान में होने वाली रैली से एक दिन पहले की है, जो मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) और मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) के खिलाफ आयोजित की जा रही है। 

बता दें कि विपक्षी गठबंधन को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब और तालकटोरा स्टेडियम जैसी अन्य जगहें नहीं मिल पाईं, जिसके बाद इस जगह (खरगे के आवास) को चुना गया था। गुरुवार को हुई इस तैयारी बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश और के.सी. वेणुगोपाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मीरा कुमार, टीएमसी के डेरेक ओ'ब्रायन, समाजवादी पार्टी के हरेंद्र मलिक, जेएमएम की महुआ माजी और सीपीआई (एम) के जॉन ब्रिटास समेत कई अन्य नेता शामिल हुए थे। 

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि बारिश के कारण आज होने वाला मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। अब यह कार्यक्रम शनिवार को इसी समय आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली और मार्च होगा, जिसमें राजनीतिक दलों के अलावा आम नागरिक, कारोबारी, नौकरीपेशा लोग, छात्र, पत्रकार और सिविल सोसायटी से जुड़े लोग भी शामिल हो सकते हैं। राहुल गांधी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बारिश के कारण आयोजकों ने आज का कार्यक्रम कल तक के लिए टालने का सर्वसम्मति से फैसला किया है। उनका कहना था कि बारिश में वरिष्ठ नागरिकों को बैठने में असुविधा हो सकती थी। इसलिए कार्यक्रम अब शनिवार को उसी समय आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाले मार्च में पूरा विपक्ष शामिल होगा। यह किसी एक राजनीतिक दल का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि इसमें हर वह व्यक्ति शामिल हो सकता है जो विरोध करना चाहता है। राहुल गांधी ने कहा कि राजनीतिक और गैर-राजनीतिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, सिविल सोसायटी, पत्रकारों और आम लोगों का इस कार्यक्रम में स्वागत है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दोनों कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और चुनाव आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तथा उनकी टीम के जरिए भारतीय लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाए जाने के मुद्दे पर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गृह मंत्री की ओर से लोगों को दिल्ली आने से रोकने की कोशिश की जा रही है। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब से आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों को रोके जाने का प्रयास किया जा रहा है।

राहुल गांधी ने कहा, ''आप रामलीला मैदान में देखिएगा कि कितने लोग आते हैं और कितने लोगों को वे रोक पाते हैं। इससे आपको समझ में आ जाएगा कि देश में क्या हो रहा है। लोगों में भारी गुस्सा और भावनात्मक पीड़ा है, क्योंकि लाखों लोगों को उनके मताधिकार से वंचित किया जा रहा है। उनका वोट छीना जा रहा है।''

राहुल गांधी ने कहा कि यह कई अलग-अलग प्रदर्शन नहीं हैं, बल्कि एक ही विरोध प्रदर्शन है और पूरा विपक्ष एक साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि संविधान, भारत की अवधारणा और नागरिकों के मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए सभी विपक्षी दल एकजुट हैं। उनके मुताबिक, वोट प्रत्येक भारतीय की आवाज और उसकी भागीदारी की अभिव्यक्ति है।

इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने भी विपक्षी एकजुटता की बात कही। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में सभी लोग साथ हैं। सिविल सोसायटी, छात्रों, युवाओं, मजदूरों और गृहिणियों सहित हर वर्ग के लोगों को इसमें शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। डेरेक ओ ब्रायन ने कहा, ''हम सब इस लड़ाई में साथ हैं और इसे मिलकर जीतेंगे।''



Related News
thumb

आप अंतिम उम्मीद...राहुल ने रद्द नहीं की रैली, व्यापारी पहुंचे सोनिय...

यहां के व्यापारियों ने 1 नवंबर को प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की रैली दिवाली के बाद कराने के लिए सोनिया गांधी से हस्तक्षेप की अपील की है। राहुल गांधी ...


thumb

सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रामलीला मैदान में इंडिया ब्लाक रैली मे...

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की रैली में शामिल होने की घोषणा की।


thumb

फिर बढ़ेगा प्रदूषण, पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं हुई दोगुनी, कुल...

पंजाब में एक ही दिन में पराली जलाने के 194 नए मामले दर्ज होने से कुल संख्या 1,007 तक पहुंच गई है। सर्वाधिक 397 मामलों के साथ तरनतारन शीर्ष पर है, ज...


thumb

मद्रास हाईकोर्ट का कॉजपा नेता सौरभ दास की पृष्ठभूमि जांच याचिका पर ...

मद्रास उच्च न्यायालय ने कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरभ दास की पृष्ठभूमि और उनके दस्तावेजों की जांच की मांग वाली याचिका पर केंद्र सरकार को नोटिस भे...


thumb

नरेंद्र मोदी 3 बार पीएम बने और चौथी बार भी बनेंगे,लखनऊ में बोले शाह

यहां पर यूपी भाजपा कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी चौथी बार देश के प्रधानमंत्री बन...


thumb

पीएम किसान सम्मान निधि जारी कर विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी: संकट में फ...

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में विपक्ष पर संकट के समय अफवाहें फैलाने और किसानों को MSP पर गुमराह करने का आरोप लगाया।