शिकायत पोर्टल का नियमित अवलोकन कर तय समय-सीमा में करें प्रकरणों का निराकरण : पीएस एल्मा

Posted On:- 2026-09-23




मोहला (वीएनएस)। जिले के प्रभारी सचिव पीएस एल्मा ने अपने एक दिवसीय जिला प्रवास के दौरान आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में शामिल होकर जिला स्तरीय अधिकारियों से विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं तथा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर तनुजा सलाम उपस्थित रहीं।

बैठक में प्रभारी सचिव एल्मा ने जनदर्शन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न शिकायत पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायत पोर्टल का नियमित रूप से अवलोकन करें तथा प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि केवल प्रकरणों का निराकरण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

प्रभारी सचिव ने बैठक में राजस्व विभाग से संबंधित प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिलेख शुद्धता, नक्शा बंटाकन, स्वामित्व योजना, डीसीएस एवं बकेट क्लेम सहित विभिन्न राजस्व संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व संबंधी सेवाओं का लाभ आम नागरिकों को समय पर मिले और लंबित मामलों के निराकरण के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य किया जाए।

उन्होंने एग्रीस्टैक पंजीयन एवं फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पंजीयन कार्य में तेजी लाने तथा पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने वीबी-जी रामजी के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने स्वीकृत कार्यों की स्थिति, प्रगति एवं क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी लेते हुए कार्यों में  गति लाने तथा निर्धारित गुणवत्ता एवं समय-सीमा के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में विभागीय अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति से प्रभारी सचिव को अवगत कराया गया। प्रभारी सचिव एल्मा ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण तथा आम नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की ली जानकारी

बैठक में प्रभारी सचिव एल्मा ने जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों एवं आगामी गतिविधियों की जानकारी संबंधित नोडल अधिकारियों से ली। उन्होंने अभियान के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों की विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्ययोजना के अनुरूप समयबद्ध ढंग से गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर तनुजा सलाम ने प्रभारी सचिव को अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि ‘सेवा सेतु’ के तहत क्लस्टर स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, योग एवं ध्यान जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। साथ ही जिला मुख्यालय में मेगा हेल्थ शिविर आयोजित करने की तैयारियां भी की जा रही हैं। प्रभारी सचिव ने सेवा संकल्प अभियान की सभी गतिविधियों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान के उद्देश्य के अनुरूप प्रत्येक गतिविधि का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।



Related News
thumb

सेवा संकल्प अब अभियान : खेती को नया आयाम, 25 किसानों की बदली खेती ...

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्रामीण किसानों की आजीविका को सुदृढ़ करने और कृषि को अधिक विविध एवं टिकाऊ बनाने की दिशा में मगरलोड विकासखण्ड के ग्राम...


thumb

विशेष लेख : दूरियां घटीं, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ी : मोबाइल म...

स्वस्थ समाज ही सशक्त और विकसित जिले की आधारशिला है। इसी सोच के साथ धमतरी जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को नागरिकों के और अधिक करीब ले जाने की दिशा में...


thumb

आधार ऑपरेटरों को नवीन नियमों एवं प्रक्रियाओं का दिया गया प्रशिक्षण

जिले के समस्त आधार ऑपरेटरों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 22 सितंबर, मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में यूआ...


thumb

कृषि के साथ मत्स्य पालन अपनाकर आत्मनिर्भर बने किसान संजय शर्मा, आय ...

राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत मिले शासकीय सहयोग से कोरिया जिले के नगर गांव के किसान संजय शर्मा ने कृषि और मुर्गी पालन के साथ मत्स्य पालन शुरू क...


thumb

’वर्षों से काबिज जमीन को मिला पट्टा’ : भूस्वामित्व योजना से हंसलाल ...

ग्राम अंगा निवासी हंसलाल साहू कृषि मजदूरी कर अपने परिवार का जीवन-यापन करते हैं। लंबे समय से उनके परिवार का जमीन से जुड़ाव रहा, लेकिन भूमि का पट्टा उ...


thumb

सेवा संकल्प से आत्मनिर्भरता की ओर खेती के साथ मत्स्य पालन अपनाकर बा...

शासन की योजनाओं का उद्देश्य केवल सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।