बालोद (वीएनएस)। सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी, सेवा भावना और सामाजिक सहयोग का व्यापक माध्यम बनाने के उद्देश्य से मुख्य सचिव विकासशील ने आज मंत्रालय महानदी भवन, रायपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों के साथ बैठक की।
इस दौरान बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में सम्मिलित हुईं। इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक एवं नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी सुरेश साहू, प्रतिमा ठाकरे झा, प्राची ठाकुर सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी वर्चुअली उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव विकासशील ने बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिलेवार गतिविधियों और तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी और एक-दूसरे की मदद की भावना को मजबूत करने का अवसर बनाया जाए। उन्होंने कलेक्टरों को अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों में अधिक से अधिक नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, युवा संगठनों और स्व-सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सेवा सेतु शिविरों में होगा योजनाओं का लाभ :
बैठक में ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों की तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र शासन की चिन्हित 26 प्रमुख योजनाओं को शिविरों में शामिल कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा कर उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने कहा गया।
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत होंगी विविध गतिविधियां :
मुख्य सचिव ने बताया कि 23 से 25 सितंबर तक नगरीय निकाय क्षेत्रों में तथा 2 से 8 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें सेवा एवं स्वच्छता, अन्न एवं वस्त्र दान, विद्या दान एवं शिक्षा सहयोग, कौशल एवं ज्ञान दान, स्वास्थ्य एवं रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा एवं जागरूकता तथा स्थानीय उत्पादन और महिला सशक्तिकरण जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।
इन गतिविधियों में एनसीसी, एनएसएस, स्वयंसेवक, स्व-सहायता समूह, सामाजिक संस्थाओं, युवा संगठनों तथा ‘मेरा युवा भारत’ से जुड़े युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी गतिविधियों की जानकारी फोटोग्राफ्स सहित माय भारत पोर्टल पर अपलोड करने कहा गया।
दान उत्सव के माध्यम से जरूरतमंदों तक पहुंचेगी सहायता :
सेवा संकल्प एवं दान उत्सव के अंतर्गत महा अन्नदान, वस्त्र दान, शिक्षा सहयोग, स्कूल किट एवं बुक ट्री, गरिमा किट वितरण, स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों का लाभ अनाथालयों, वृद्धाश्रमों और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। सामाजिक संस्थाओं और समितियों को भी अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ने कहा गया।
मुख्य सचिव ने अंगदान एवं देहदान के लिए लोगों को जागरूक करने तथा ऐसे परिवारों को सम्मानित करने के निर्देश दिए, जिन्होंने अपने परिजनों के अंग अथवा देहदान का संकल्प लिया या दान किया है।
पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण पर विशेष जोर :
हरित छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के साथ स्थानीय प्रजातियों के 10 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है। मुख्य सचिव ने पौधरोपण, जल संरक्षण और जल स्रोतों की साफ-सफाई जैसी गतिविधियों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गिरदावरी, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा :
मुख्य सचिव ने फसल गिरदावरी सर्वे में शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदारों एवं पटवारियों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने कहा।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान निर्धारित लक्ष्य के अनुसार नल कनेक्शन उपलब्ध कराने और उन्हें क्रियाशील करने के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जल जीवन मिशन की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा आवश्यकता के अनुसार विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर समस्याओं का तत्काल निराकरण करने कहा गया। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा और प्रभावी रिपोर्टिंग पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टरों को नेतृत्व के साथ बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश :
मुख्य सचिव ने कहा कि कलेक्टर जिले के नेतृत्वकर्ता हैं। इसलिए सभी अभियानों का प्रभावी नेतृत्व करते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करें और परिणाम सुनिश्चित करें। सेवा संकल्प अभियान की सभी गतिविधियों और उपलब्धियों को गूगल शीट में व्यवस्थित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए, ताकि जिलेवार प्रगति की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने बालोद जिले में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा जिले में अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद, आयुक्त जनसंपर्क रजत बंसल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा प्रदेश के संभागायुक्त, कलेक्टर एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सेवा की कहानियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था में आ रहे सकारात्मक ...
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत शासन की योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिसके तहत नीति आयोग के आकां...
सेवा संकल्प अभियान 2026 के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने और सुशासन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को ...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को नई ऊर्जा प्रदान करने के उद्देश्य से युवाओं को नशामुक्ति, जागरूकता एवं युवा नेतृत्व के लिए प्रेर...
कभी घर की चारदीवारी तक सीमित रहने वाली ग्रामीण महिलाएं आज अपने हुनर, मेहनत और आत्मविश्वास से परिवार की आर्थिक मजबूती की आधारशिला बन रही हैं।
स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए प्रचार-प्रसार सह जनजागरूकता रथ र...