दिल्ली हादसे से हिला प्रशासन, रेखा गुप्ता मौके पर पहुंचीं; अमित शाह ने बीच में छोड़ा गोवा दौरा

Posted On:- 2026-09-06




नई दिल्ली(वीएनएस)। यहां के सत्य निकेतन इलाके में एक इमारत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा कर बचाव कार्यों का जायजा लिया। हादसे के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने अपना गोवा दौरा रद्द कर राहत कार्यों की जानकारी ली।
दिल्ली के मोती बाग स्थित सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। अब तक एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 6 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है। रेस्क्यू किए गए लोगों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। बचाव दल मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के मुताबिक, दमकल की 8 गाड़ियां और अलग-अलग विभागों की कई बचाव टीमें मौके पर तैनात हैं। दिल्ली पुलिस ने भी इलाके की घेराबंदी कर दी है। आपातकालीन कर्मी मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं।
सत्य निकेतन हादसे की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपना तीन दिवसीय गोवा दौरा बीच में ही रद्द कर दिया और दिल्ली के लिए रवाना हो गए। शाह को रविवार को गोवा के चिम्बेल में नवनिर्मित BJP प्रदेश कार्यालय भवन का उद्घाटन करना था। हालांकि, दिल्ली में इमारत गिरने की घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपना दौरा रद्द कर दिया।
अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हादसे पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली पुलिस आयुक्त और NDRF के महानिदेशक से बात कर घटना की जानकारी ली है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें आपसी तालमेल के साथ राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। घायलों को जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। गृह मंत्री ने हादसे में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी हादसे पर चिंता जताते हुए कहा कि डीडीएमए, एनडीआरएफ, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, एमसीडी, कैट्स और सिविल डिफेंस की टीमें युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रही हैं।
उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर हादसे से सटी इमारत को भी खाली करा लिया गया है। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और प्रभावित परिवारों को तत्काल मदद पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सभी संबंधित एजेंसियां आपसी तालमेल से काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हर नागरिक की सुरक्षा और कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



Related News
thumb

जीतन राम मांझी की बिगड़ी तबीयत: एम्स के आईसीयू में भर्ती

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को रविवार शाम सांस लेने में तकलीफ और बुखार की शिकायत के बाद दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में...


thumb

दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने से मरने वालों की संख्या 6 हुई

दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन में बहुमंजिला इमारत गिरने से अब तक छह लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि रातभर चले अभियान के दौरान एक और व...


thumb

हाइड्रोजन ट्रेन को 110 किमी प्रति घंटा रफ्तार से चलाने की तैयारी, ...

रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सतीश कुमार ने रविवार को कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को अधिकतम 110 किलोमीटर प्रति घ...


thumb

पीएम मोदी के 'नाराज फूफा' बयान पर कांग्रेस का पलटवार, कहा- नाकामी छ...

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी विफलताओं को छिपाने और सवालों को दबाने के लिए विपक्ष पर ऐसे तंज क...


thumb

इसरो के निजीकरण प्रस्ताव पर कर्मचारी संगठनों ने वी. नारायणन से मांग...

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के नौ कर्मचारी संगठनों ने अंतरिक्ष एजेंसी के अध्यक्ष वी. नारायणन को पत्र लिखकर विनिर्माण और परिचालन कार्यों क...


thumb

बिहार में बाढ़ः 11 जिलों में गंगा का जलस्तर बढ़ा, 19.57 लाख लोग प्र...

बिहार के 11 जिलों में 19 लाख से ज़्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। पटना के गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर बाढ़ के महत्वपूर्ण निशान से ऊपर जाने के ब...