कृष्ण जन्माष्टमी यानी गुण ग्राहकता दिवस, हर व्यक्ति से अच्छे गुण सीखें : साध्वी मंजुलाश्री जी

Posted On:- 2026-09-04




रायपुर (वीएनएस)। आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास 2026 के अंतर्गत जिनकुशल जैन दादाबाड़ी में शुक्रवार को अध्यात्म सार ग्रंथ का पठन करते हुए साध्वी मंजुलाश्रीजी म.सा. ने कृष्ण जन्माष्टमी के प्रसंग से गुण ग्राहकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी केवल भगवान कृष्ण के जन्म का उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि उनके जीवन से गुण ग्रहण करने और अपने जीवन में उतारने का अवसर भी है।

साध्वी ने कहा कि महापुरुष हों या सामान्य व्यक्ति, हमें हर व्यक्ति में मौजूद अच्छे गुणों को पहचानना और उनसे सीखना चाहिए। गुण ग्राहकता का अर्थ यही है कि हमारी नजर व्यक्ति की कमियों पर नहीं, बल्कि उसके भीतर छिपे अच्छे गुणों पर जाए। यदि सीखने की दृष्टि हो तो जीवन में मिलने वाला हर व्यक्ति हमारा शिक्षक बन सकता है।

भगवान कृष्ण के जीवन का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि कृष्ण का व्यक्तित्व अनेक गुणों से भरा हुआ था। बचपन में उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बीच भी अपनी प्रसन्नता और सहजता को बनाए रखा। गोकुल में रहते हुए उन्होंने मित्रता, प्रेम और अपनत्व का भाव दिखाया। गोवर्धन पर्वत से जुड़ा प्रसंग हमें सामूहिकता और प्रकृति के प्रति सम्मान की सीख देता है। वहीं महाभारत के प्रसंगों में कृष्ण ने परिस्थितियों के अनुसार विवेक, नीति और धैर्य का परिचय दिया।

उन्होंने कहा कि कृष्ण की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक थी परिस्थितियों को समझकर सही निर्णय लेने की क्षमता। जीवन में केवल ज्ञान होना पर्याप्त नहीं है, उस ज्ञान का सही समय और सही दिशा में उपयोग करना भी जरूरी है। हमें कृष्ण के जीवन से यही विवेक सीखना चाहिए।

साध्वी ने कहा कि कृष्ण ने मित्रता में भी आदर्श प्रस्तुत किया। सुदामा के साथ उनकी मित्रता यह बताती है कि सच्चे संबंध धन, पद या प्रतिष्ठा के आधार पर नहीं होते। व्यक्ति कितना बड़ा है, यह उसके पास मौजूद संपत्ति से नहीं, बल्कि उसके हृदय की विशालता से तय होता है।

उन्होंने कहा कि हम अक्सर दूसरों की कमियां खोजने में लगे रहते हैं। यदि यही दृष्टि गुणों को खोजने में लग जाए तो हमारा जीवन बदल सकता है। किसी से विनम्रता सीख सकते हैं, किसी से सेवा, किसी से त्याग, किसी से धैर्य और किसी से कठिन परिस्थितियों में भी मुस्कुराना। यही गुण ग्राहकता है।

साध्वी मंजुलाश्रीजी ने कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी पर केवल उत्सव मनाने के बजाय हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने आसपास के प्रत्येक व्यक्ति में कोई न कोई अच्छा गुण खोजेंगे और उसे अपने जीवन में उतारने का प्रयास करेंगे। महापुरुषों का जीवन तभी हमारे लिए सार्थक बनता है, जब उनके गुण हमारे आचरण का हिस्सा बनें।

इस अवसर पर ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय कांकरिया, कार्यकारी अध्यक्ष अभय कुमार भंसाली, ट्रस्टी नरेश बैदूमुथा, राजेंद्र गोलछा एवं उज्ज्वल झाबक तथा आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास-2026 समिति के अध्यक्ष बसंत लोढ़ा, महासचिव मुकेश निमाणी, सह-सचिव अभिषेक गोलछा एवं कोषाध्यक्ष चिंतन मालू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सम्मेत शिखर तप अनुमोदनार्थ 6 सितंबर को दादाबाड़ी में होगी ‘मेहंदी सांझ’

आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास 2026 के अंतर्गत कमलादेवी पुखराज जी लोढ़ा परिवार द्वारा सम्मेत शिखर तप की अनुमोदना के लिए 6 सितंबर को ‘मेहंदी सांझ’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे जिनकुशल सूरि जैन दादाबाड़ी, एम.जी. रोड, रायपुर में होगा।

‘मेहंदी राचण लागी तपस्या रे नाम री...’ थीम पर होने वाली इस संगीतमय सांझ में शासन के गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। गायिका पलक लोढ़ा, कवर्धा अपनी प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम में Punctuality एवं Tap Housie का सहयोग रहेगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य सम्मेत शिखर तप के तपस्वियों की तपस्या और त्याग की अनुमोदना करना है। 

समिति ने संघ के श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर तपस्वियों की अनुमोदना और धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।

सम्मेत शिखर तप के 120 तपस्वियों का संघ ने किया बहुमान, दादाबाड़ी में 325 तपस्वी कर रहे विशेष तप आराधना*

आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास 2026 के अंतर्गत जिनकुशल जैन दादाबाड़ी में जप, तप और साधना का विशेष क्रम जारी है। शुक्रवार को सम्मेत शिखर तप की आराधना कर रहे 120 तपस्वियों का संघ की ओर से बहुमान कर उनकी तपस्या की अनुमोदना की गई। वहीं दादाबाड़ी में अक्षयनिधि, समवसरण एवं कषायविजय तप की 15 दिवसीय विशेष आराधना में 325 तपस्वी साधना कर रहे हैं।

सम्मेत शिखर तप के माध्यम से तपस्वी सम्मेत शिखरजी की पावन भूमि और वहां हुए तीर्थंकरों के निर्वाण का भाव स्मरण करते हुए तप आराधना कर रहे हैं। तपस्वियों के इस संकल्प के प्रति संघ की ओर से अनुमोदना व्यक्त करते हुए उनका बहुमान किया गया।

दादाबाड़ी में अक्षयनिधि, समवसरण एवं कषायविजय तप की 15 दिवसीय विशेष आराधना भी चल रही है। इस दौरान तपस्वियों द्वारा एकासना, दिन में दो समय प्रतिक्रमण और देववंदन की आराधना की जा रही है। प्रतिदिन 20 माला फेरने की साधना भी की जा रही है। तीनों तप के लिए अलग-अलग माला निर्धारित की गई है। तप की अंतिम पूर्णाहुति उपवास के साथ होगी।

इन तप साधनाओं के चलते दादाबाड़ी में प्रतिदिन पूजन, जाप, अनुष्ठान, देववंदन, प्रतिक्रमण और तप आराधना का क्रम बना हुआ है। बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं तपस्वियों की अनुमोदना के साथ स्वयं भी धार्मिक आराधना में सहभागी बन रहे हैं। दादाबाड़ी का वातावरण इन दिनों तप, संयम और आध्यात्मिक साधना से भक्तिमय बना हुआ है।




Related News
thumb

51 दिवसीय परमात्म भक्ति में श्रद्धालुओं ने लिया भक्ति का आनंद, अनुश...

आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास 2026 के अंतर्गत जिनकुशल सूरि जैन दादाबाड़ी, एम.जी. रोड में चल रहे 51 दिवसीय परमात्म भक्ति महोत्सव के क्रम में ...


thumb

सीएम हेल्पलाइन का संवेदनशील प्रयास : दिव्यांग सौरभ को घर बैठे मिली ...

राज्य शासन की मंशा और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुशासन नीति के अनुरूप जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील निराकरण ...


thumb

सक्षम योजना से बिंदिया को मिला आर्थिक संबल, किराना दुकान से बनीं आत...

आर्थिक परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, यदि सही मार्गदर्शन और शासन की योजनाओं से अवसर मिले तो महिलाएं अपने जीवन की दिशा स्वयं ब...


thumb

जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान को मिला उत्साहजनक प्रतिसाद

स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी टीकाकरण अभियान अंतर्गत जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए निरंतर एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है। जिल...


thumb

राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-6 में राजनांदगांव की स्वास्थ्य...

राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-6 (एनएफएचएस-6), 2023-24 के राजनांदगांव जिले से संबंधित आंकड़ों में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के क्षेत्र में ...