प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से राजनांदगांव को बनाएंगे प्रदेश में अग्रणी : डॉ. रमन सिंह

Posted On:- 2026-07-20




राजनांदगांव (वीएनएस)। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज स्पीकर हाऊस राजनांदगांव में आयोजित प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत सूर्यसभा एवं शून्य बिजली बिल वाले हितग्राहियों के सम्मान समारोह में शामिल हुए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत शून्य बिजली बिल प्राप्त करने वाले शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा जिलेवासियों से अधिक से अधिक सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कर स्वच्छ एवं नि:शुल्क ऊर्जा की दिशा में आगे बढऩे की अपील की।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना केवल बिजली बचत की योजना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में सूर्य को ऊर्जा और जीवन का स्रोत माना गया है। आज आधुनिक तकनीक के माध्यम से सूर्य की यही ऊर्जा प्रत्येक घर को रोशन कर रही है। उन्होंने कहा कि सोलर पैनलों के नियमित रखरखाव करने से उनकी कार्यक्षमता बनी रहती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत एक किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर 45 हजार रूपए, 2 किलोवाट पर 90 हजार रूपए तथा 3 किलोवाट क्षमता पर एक लाख 8 हजार रूपए तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। शेष राशि के लिए बैंकों के माध्यम से आसान वित्तीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि राजनांदगांव जिले के लिए 13 हजार 500 सोलर संयंत्र स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक 8 हजार 300 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं तथा 4 हजार 117 हितग्राहियों को योजना का लाभ दिया जा चुका है। इनमें 1200 से अधिक उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य हो गया है। उन्होंने कहा कि यह जिले के लिए गर्व का विषय है तथा आने वाले महीनों में राजनांदगांव को इस योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश का अग्रणी जिला बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोयले से बिजली उत्पादन के कारण कार्बन उत्सर्जन बढ़ता है, जिससे जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियां सामने आ रही हैं। ऐसे समय में सौर ऊर्जा स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल विकल्प है। सौर ऊर्जा के अधिकाधिक उपयोग से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने जनप्रतिनिधियों से अभियान के रूप में योजना का प्रचार-प्रसार करने कहा। उन्होंने कहा कि जिस नगर निगम वार्ड के 50 प्रतिशत घरों में सोलर संयंत्र स्थापित हो जाएंगे, उस वार्ड को 10 लाख रूपए के अतिरिक्त विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार जिस ग्राम पंचायत के 50 प्रतिशत घरों में सोलर संयंत्र लगाए जाएंगे, उस ग्राम पंचायत को भी 10 लाख रूपए के अतिरिक्त विकास कार्यों की स्वीकृति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, पत्रकार, सामाजिक संगठन तथा योजना से लाभान्वित हितग्राही स्वयं इस योजना के ब्रांड एम्बेसडर बनकर अधिक से अधिक लोगों को सोलर अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से राजनांदगांव प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ का अग्रणी जिला बनेगा।

महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि नगर निगम, विद्युत विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में योजना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों का बिजली बिल शून्य हो गया है, वे अपने अनुभव साझा कर अन्य लोगों को भी योजना से जोडऩे के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के लगभग 44 हजार मकानों में इस वित्तीय वर्ष के दौरान अधिक से अधिक सोलर संयंत्र स्थापित कराने का लक्ष्य रखा गया है। इससे न केवल बिजली बिल में बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और तापमान नियंत्रण में भी सकारात्मक योगदान मिलेगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी योजना है। उन्होंने कहा कि शून्य बिजली बिल प्राप्त करने वाले हितग्राही समाज के लिए प्रेरणा बनेंगे। उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी अपने गांव में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के सहयोग से लोगों को सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित कर रही हैं तथा स्वयं भी शीघ्र सोलर संयंत्र स्थापित करेंगी।

पद्मश्री फूलबासन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई इस जनहितैषी योजना की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन, विद्युत विभाग एवं सभी संबंधित विभागों के संयुक्त प्रयासों से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार नीर और नारी अभियान जनसहभागिता से सफल हुआ, उसी प्रकार प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना भी जनआंदोलन बनेगी। उन्होंने स्वयं अपने घर में सोलर संयंत्र स्थापित करने की बात कही। उन्होंने सभी नागरिकों से इस योजना का लाभ लेने का आग्रह किया।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पिछले आठ माह से विशेष अभियान चलाकर गांव-गांव और शहरों में शिविर आयोजित किए गए, जिससे योजना की प्रक्रिया को सरल बनाया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार के लिए ऊर्जा सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है और सौर ऊर्जा अपनाकर नागरिक आगामी 24-25 वर्षों तक बिजली बिल के खर्च से मुक्त हो सकते हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा तीन किलोवाट तक के संयंत्र पर 1 लाख 8 हजार रूपए तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है, जिससे आम नागरिकों को बड़ा आर्थिक लाभ मिल रहा है।

कलेक्टर ने कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग केवल परिवार की बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा आयातित ईंधन पर निर्भरता कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों के घरों में सोलर संयंत्र स्थापित हो चुके हैं, उनका बिजली बिल शून्य हो गया है और कई हितग्राही अतिरिक्त बिजली ग्रिड में देकर आय भी अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने ग्राम मुसरा की एक महिला हितग्राही का उदाहरण देते हुए बताया कि पहले उनका मासिक बिजली बिल 4 से 5 हजार रुपए आता था, जबकि सोलर संयंत्र लगने के बाद अब उनका बिजली बिल शून्य हो गया है और अगले 25 वर्षों में लगभग 15 से 16 लाख रूपए की बचत होगी, जिसका उपयोग परिवार की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यकताओं में किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राजनांदगांव जिला प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश में पांचवें स्थान पर है, जबकि जिले में इससे कहीं अधिक संभावनाएं हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से अपने आसपास के लोगों को योजना से जोडऩे की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से अगले एक वर्ष में जिले में 20 हजार सोलर कनेक्शन स्थापित करने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

कार्यक्रम में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से प्राप्त लाभों की जानकारी साझा की। हितग्राहियों ने बताया कि सोलर संयंत्र स्थापित होने के बाद उनका बिजली बिल शून्य हो गया है तथा अतिरिक्त बिजली उत्पादन से भविष्य में आय अर्जित करने का अवसर भी प्राप्त होगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, जिला सहकारी केन्द्र बैंक मार्यादित के अध्यक्ष सचिन बघेल, जनपद पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर, अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास पूर्णिमा साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, खूबचंद पारख, कोमल सिंह राजपूत, विधायक प्रतिनिधि रूपचंद भिमनानी, संतोष अग्रवाल, रमेश पटेल, सौरभ कोठारी, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, सीईओ जिला पंचायत दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, एसडीएम राजनांदगांव श्रीकांत कोराम, विद्युत विभाग के अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित थे।



Related News
thumb

जनदर्शन में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आमजन की सुनीं समस्याएं

जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जनदर्शन कार्यक्रम के अंतर्गत आज क...


thumb

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं के लिए निःशुल्क केक निर्म...

भारत सरकार की ’’बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’’ योजना के अंतर्गत बालिकाओं को कौशल विकास से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महिला एवं बाल विकास विभाग, बेमे...


thumb

पुनर्वास से आत्मनिर्भरता की ओर बीजापुर के पुर्नवासितों ने जाना बस्त...

बीजापुर जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से लौटकर समाज की मुख्यधारा में शामिल हुए तथा वर्तमान में नुआ बाट पुनर्वास केंद्र में निवासरत पुर्नवासितों ...


thumb

सेवा सेतु पोर्टल की नवीन ई-सेवाओं हेतु अधिकारियों-कर्मचारियों का प्...

नागरिकों को शासकीय सेवाओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन रविवार को किया गया। क...


thumb

जनदर्शन में सुनी गई आम लोगो की फरियाद, जनदर्शन में कुल 109 आवेदन प्...

साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में आज कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित अधिकारि...


thumb

सामुदायिक मध्यस्थता मुकदमा मुक्त ग्रामीण भारत के सफल क्रियान्वयन हे...

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला...