मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्राप्त आवेदनों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश

Posted On:- 2026-06-10




धमतरी (वीएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा. छत्तीसगढ़ की राजधानी  रायपुर में दिनांक 09 जून 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का शुभारंभ किए जाने के पश्चात जिले में जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में कार्यवाही प्रारंभ हो गई है। हेल्पलाइन संचालन के दूसरे दिन अर्थात् 10 जून 2026 तक जिले में कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए सभी विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले के सभी विभाग प्रमुखों, अनुविभागीय अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने लॉगिन में प्राप्त आवेदनों का तत्काल परीक्षण करें तथा प्रत्येक प्रकरण पर गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई आवेदन संबंधित विभाग अथवा कार्यालय से संबद्ध नहीं है, तो उसे प्राप्ति की तिथि से तीन दिवस के भीतर कॉल सेंटर को रिटर्न किया जाना अनिवार्य है। निर्धारित समय-सीमा के उपरांत आवेदन वापस करने की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्रभावी संचालन हेतु जिला पंचायत के मीटिंग हॉल में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। प्रशिक्षण के दौरान पोर्टल संचालन, शिकायतों के पंजीयन एवं निराकरण की प्रक्रिया, प्रोफाइल अद्यतन, लॉगिन संबंधी जानकारी तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही प्रशिक्षण सामग्री, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग लिंक एवं आवश्यक दिशा-निर्देश पूर्व में साझा किए जा चुके हैं।

प्राप्त आवेदनों के विश्लेषण के अनुसार सर्वाधिक 06 शिकायतें भूमि सीमांकन संबंधी तथा 04 शिकायतें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत अपात्र स्वीकृत आवासों की किश्त राशि से संबंधित प्राप्त हुई हैं। इसके अतिरिक्त विद्युत, कृषि, स्वास्थ्य, पुलिस, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, खनिज, श्रम तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें भी दर्ज की गई हैं।

कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शासन और आम नागरिकों के मध्य संवाद एवं समस्या समाधान का एक सशक्त माध्यम है। इस व्यवस्था का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न होकर वास्तविक समाधान आधारित होना चाहिए, ताकि आवेदकों को समय पर राहत प्राप्त हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक विभाग शिकायतों की नियमित समीक्षा करे तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न होने दे। गुणवत्तापूर्ण निराकरण से न केवल आमजन का शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास सुदृढ़ होगा, बल्कि सुशासन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को भी बल मिलेगा।

जिले के सभी विभागों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा के भीतर तथ्यपरक, संतोषजनक एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।




Related News
thumb

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना बनी वरदानः छबीला यालम को मिला सम्मानज...

जिला बीजापुर के भोपालपटनम परियोजना अंतर्गत ग्राम मेट्टुपल्ली की बेटी छबीला यालम के जीवन में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना ने नई उम्मीद और आत्मविश्व...


thumb

खरीफ सीजन के लिए जिले में उर्वरक-बीज का पर्याप्त भंडार, किसानों को ...

कलेक्टर विश्वदीप के निर्देशानुसार खरीफ सीजन 2026 के लिए जिले की सहकारी समितियों में उन्नत प्रमाणित बीज एवं उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।...


thumb

नदी पार कर नुगुर पहुंचे कलेक्टर-एसपी, ग्रामीणों से सीधा संवाद

जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र भैरमगढ़ विकासखंड के नुगुर गांव (हुर्रगुवाली पंचायत) में कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव तथा मुख्य का...


thumb

भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना से किसान प्रकाश को मिला आर्थिक सहारा

राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। ऐसी ही एक योजना भूमिहीन कृषि मजदू...


thumb

सुशासन तिहार 2026 के अंतिम दिन दो क्लस्टर शिविरों का आयोजन, सैकड़ों...

राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिले में 01 मई से 10 जून तक जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए विशेष अभियान एवं समाधा...