मोहर्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क, शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील : कलेक्टर और एसपी

Posted On:- 2026-06-09




एमसीबी (वीएनएस)। आगामी 26 जून को मनाए जाने वाले मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संतन देवी जांगड़े तथा पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम, अपर कलेक्टर नम्रता डोंगरे, डिप्टी कलेक्टर इंदिरा मिश्रा, सभी एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में मोहर्रम पर्व के दौरान कानून व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और जनसुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने कहा कि मोहर्रम आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि पर्व पूरी शांति और गरिमा के साथ संपन्न हो। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलूस मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य पूर्ण किए जाएं। पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने कहा कि मोहर्रम के दौरान निर्धारित रूट चार्ट, समय-सीमा और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्रबंधन योजना लागू की जाएगी। बैठक में नशीले पदार्थों की रोकथाम को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। मेडिकल स्टोरों एवं सार्वजनिक स्थलों की नियमित निगरानी, कोटपा एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

सड़क सुरक्षा के मद्देनजर बसों की फिटनेस जांच, पार्किंग व्यवस्था में सुधार तथा दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स पर सुरक्षा उपाय मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभागीय समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को सक्रिय रखने पर जोर दिया गया।

कलेक्टर ने सभी सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जिले की गौरवशाली सामाजिक एकता और भाईचारे की परंपरा को बनाए रखते हुए मोहर्रम पर्व मनाया जाए। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं समुदाय के प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।




Related News
thumb

किसानों को समय पर खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करें : कलेक्टर ...

कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में विभिन्न विभागों की योजन...


thumb

बिहान की मदद से बदली जिंदगी, सेंट्रिंग प्लेट व्यवसाय से आत्मनिर्भर ...

कोरिया जिले की एक साधारण गृहिणी अनीता ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर आर्थिक आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका ...


thumb

शाक-सब्जी उगा कर स्वावलंबी बनी मनीषा

अगर आत्मनिर्भर होने की उत्कृष्ट अभिलाषा हो तो नियति स्वयं ही मार्ग प्रशस्त करने लगती हैं। इसमें केवल निरंतर मेहनत और लगन की आवश्यकता होती है। यही न...


thumb

बाढ़ आपदा राहत केंद्रों में पूर्व से मरम्मत, बिजली, पानी, राशन हेतु...

कलेक्ट्रेट कार्यालय के तृतीय तल सभाकक्ष में कलेक्टर देवेश कुमार की अध्यक्षता में आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आहूत की गई। बैठक में आगामी मानसून वर...


thumb

प्राकृतिक आपदा पीड़ित के वारिसों को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि

कलेक्टर नुपुर राशि पन्ना द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के अंतर्गत प्राकृतिक आपदा पीड़ित के प्रकरण में वारिसों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राश...