सुशासन तिहार के समाधान शिविर में उमड़ा जनविश्वास, शासन की योजनाओं का मिला सीधा लाभ

Posted On:- 2026-06-09




विधायक दीपेश साहू ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान

बेमेतरा (वीएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत बेमेतरा जिले के बेरला ब्लॉक के ग्राम पंचायत लाटा में विशाल समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्लस्टर की विभिन्न ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं संवेदनशील तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर रजककार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल, प्रदेश मंत्री संध्या परगनिहा, रायपुर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, जिला महामंत्री पोषण वर्मा, मंडल अध्यक्ष सूर्यकांत नायक, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि योगेश तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सुशासन, संवेदनशीलता और सेवा के मंत्र पर कार्य कर रही सरकार : 

विधायक दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन, संवेदनशीलता और सेवा के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। शासन की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर शासन और जनता के बीच भरोसे का मजबूत माध्यम बनकर उभरा है।

36 मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान : 

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण क्षेत्र के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान रहा। क्लस्टर क्षेत्र के 36 मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विधायक दीपेश साहू ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही विकास का सबसे सशक्त माध्यम है और यही विद्यार्थी क्षेत्र एवं प्रदेश का भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

युवाओं के लिए आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार : 

विधायक दीपेश साहू ने बताया कि युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बेमेतरा में लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक नालंदा परिसर का निर्माण कराया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों को निःशुल्क लाइब्रेरी सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्रीराम एकेडमी के माध्यम से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है तथा शीघ्र ही श्रीराम लाइब्रेरी का शुभारंभ भी किया जाएगा।

ग्राम लाटा को मिली विकास कार्यों की सौगात :

ग्रामीणों की मांग पर विधायक दीपेश साहू ने ग्राम पंचायत लाटा में 5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण, स्कूल किचन शेड के जीर्णोद्धार तथा पंचायत भवन में आहता निर्माण की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित अमोरा बैराज परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना से क्षेत्र के लाखों किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा तथा आम नागरिकों को भी जल उपलब्धता में महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त होगी।

विभिन्न विभागों ने लगाए सेवा एवं जनजागरूकता स्टॉल : 

समाधान शिविर में स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, कृषि, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, पशुपालन, उद्यानिकी, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, श्रम, सहकारिता, मत्स्य विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा लोक सेवा केंद्र सहित विभिन्न विभागों द्वारा सेवा एवं जनजागरूकता स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

हितग्राहियों को वितरित किए गए विभिन्न योजनाओं के लाभ : 

शिविर में आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, किसान किताब, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी एवं पूर्णता प्रमाण पत्र, नोनी सुरक्षा योजना के बीमा बॉन्ड, सुकन्या समृद्धि योजना की पासबुक, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रोत्साहन राशि, उन्नत कृषि योजना के प्रमाण पत्र तथा आबादी पट्टों का वितरण किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों एवं विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में विश्राम निषाद, नरेंद्र वर्मा, मानसिंह वर्मा, सूर्यकांत नायक, गोकरण साहू, चंद्रकला यादव, होरीलाल यादव, पुरुषोत्तम यादव, त्रिवेणी यादव, दुलारी यादव, सीता लहरे, वीरेंद्र परगनिहा, यशवंत परगनिहा, राजेश कुमार परगनिहा, चिंता राम निषाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिविर में अधिकारी-कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। समाधान शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचा तथा जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण से ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।




Related News
thumb

किसानों को समय पर खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करें : कलेक्टर ...

कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में विभिन्न विभागों की योजन...


thumb

बिहान की मदद से बदली जिंदगी, सेंट्रिंग प्लेट व्यवसाय से आत्मनिर्भर ...

कोरिया जिले की एक साधारण गृहिणी अनीता ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर आर्थिक आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका ...


thumb

शाक-सब्जी उगा कर स्वावलंबी बनी मनीषा

अगर आत्मनिर्भर होने की उत्कृष्ट अभिलाषा हो तो नियति स्वयं ही मार्ग प्रशस्त करने लगती हैं। इसमें केवल निरंतर मेहनत और लगन की आवश्यकता होती है। यही न...


thumb

बाढ़ आपदा राहत केंद्रों में पूर्व से मरम्मत, बिजली, पानी, राशन हेतु...

कलेक्ट्रेट कार्यालय के तृतीय तल सभाकक्ष में कलेक्टर देवेश कुमार की अध्यक्षता में आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आहूत की गई। बैठक में आगामी मानसून वर...


thumb

प्राकृतिक आपदा पीड़ित के वारिसों को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि

कलेक्टर नुपुर राशि पन्ना द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के अंतर्गत प्राकृतिक आपदा पीड़ित के प्रकरण में वारिसों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राश...


thumb

मोहर्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क, शांति और सौहार्द के साथ पर्...

आगामी 26 जून को मनाए जाने वाले मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस ...