गुरिंदरवीर सिंह ने 100 मीटर दौड़ में बनाया नया नेशनल रिकॉर्ड, फेडरेशन कप में जीता गोल्ड मेडल

Posted On:- 2026-05-24




नई दिल्ली(वीएनएस)।रांची में आयोजित फेडरेशन कप में धावक गुरिंदरवीर सिंह ने 10.09 सेकंड में 100 मीटर दौड़ पूरी कर नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता। अपनी ऐतिहासिक जीत का श्रेय मानसिक मजबूती को देते हुए उन्होंने उन धारणाओं को तोड़ा कि भारतीय स्प्रिंटिंग में सफल नहीं हो सकते।

झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित 2026 एथलेटिक्स फेडरेशन कप में धावक गुरिंदरवीर सिंह ने कमाल कर दिया। उन्होंने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ को महज 10.09 सेकंड में पूरा करके एक नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

अपनी इस ऐतिहासिक जीत पर गुरिंदरवीर ने कहा, "यह बहुत अच्छा एहसास है। उम्मीद है कि मैं आगे भी अच्छी ट्रेनिंग करूंगा और भविष्य में और बेहतर नतीजे लाऊंगा।" उन्होंने मानसिक मजबूती को जीत की वजह बताते हुए कहा कि आखिरी पलों में खेल शारीरिक ताकत से ज्यादा मानसिक मजबूती का होता है और कल वह खुद को मानसिक रूप से मजबूत रख पाए, जिससे यह जीत मिली।

लोग कहते थे भारतीयों के बस की बात नहीं

अपनी पुरानी चुनौतियों को याद करते हुए गुरिंदरवीर ने बताया, "जब आप कुछ नया करने की कोशिश करते हैं, तो लोग कहते हैं कि यह नहीं हो सकता। ऐसा हर उस इंसान के साथ होता है जो कुछ बदलना चाहता है। जब मैं छोटा था, तो लोग मुझसे कहते थे कि भारतीयों में स्प्रिंटिंग और 100 मीटर रेस के लिए जरूरी जीन्स नहीं होते। लोग मुझे 400 मीटर दौड़ने की सलाह देते थे, क्योंकि मिल्खा सिंह उसके चैंपियन थे। लेकिन मेरे मन में हमेशा यह बात थी कि मुझे एक नया रास्ता बनाना है, ताकि भविष्य में लोग सोचें कि हम भी 100 मीटर में कमाल कर सकते हैं।"

मां रूपिंदर कौर ने जताई खुशी

गुरिंदरवीर की इस ऐतिहासिक सफलता पर उनकी मां रूपिंदर कौर ने बेहद खुशी और गर्व जताया। उन्होंने कहा, "हमें बहुत गर्व महसूस हो रहा है कि हमारे बच्चे ने इतिहास रच दिया है। सभी रिश्तेदार फोन करके बधाई दे रहे हैं। वह बचपन से ही बहुत खुशमिजाज था और उसके कोच भी बहुत अच्छे रहे। उसके पिता का सपना था कि वह एक एथलीट बने।" इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि वे अपने माता-पिता की बात सुनें, पढ़ाई के साथ-साथ खेलों पर ध्यान दें और नशे से पूरी तरह दूर रहें।

पिता ने बताया 12 साल की मेहनत का सफर

गुरिंदरवीर के पिता कमलजीत सिंह ने बताया कि उनका बेटा 12 साल की उम्र से ही इसके लिए कड़ी मेहनत कर रहा है। उन्होंने कहा, "मैं खुद वॉलीबॉल खेलता था और चाहता था कि मेरा बेटा भी एक खिलाड़ी बने। उसका पूरा सफर बहुत शानदार रहा है।" उन्होंने युवाओं से कहा कि खेल सेहत के साथ-साथ पंजाब और पूरे भारत के लिए बहुत जरूरी हैं। खेल के मैदान पर ही आप असल में आगे बढ़ते हैं और अपने माता-पिता व गुरुओं का नाम रोशन करते हैं।

कोचों के योगदान को किया याद

कमलजीत सिंह ने गुरिंदरवीर के कोचों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि गुरिंदरवीर के पहले कोच ने उससे बहुत ज्यादा मेहनत करवाई और दसवीं क्लास पूरी होने तक उसे अच्छे से ट्रेन किया। इसके बाद उसने जालंधर में कोच हैप्पी के साथ अपनी ट्रेनिंग शुरू की। कोच हैप्पी ने उसे बिल्कुल अपने बेटे की तरह अपनाया और उसे अपने परिवार के सदस्य जैसा प्यार और सहयोग दिया, जिससे वह आज इस मुकाम पर पहुंच पाया है।



Related News
thumb

अनिमेष कुजूर की तूफानी दौड़, राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर राष्ट्रमंडल ख...

भारतीय एथलेटिक्स में एक रोमांचक घटनाक्रम में, अनिमेष कुजूर ने 10.15 सेकंड के समय के साथ 100 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड फिर से अपने नाम कर लिया।


thumb

अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम इंडिया में बड़े बदलाव, कई को आराम, 4 नए...

अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम का ऐलान हो गया है, जिसमें हर्ष दुबे और गुरनूर बराड़ समेत चार नए चेहरों ...


thumb

श्रीलंका में त्रिकोणीय सीरीज के लिए इंडिया ए टीम का ऐलान, 15 साल के...

बीसीसीआई ने श्रीलंका में होने वाली त्रिकोणीय सीरीज के लिए तिलक वर्मा की कप्तानी में इंडिया ए टीम की घोषणा की है, जिसमें 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को...


thumb

मुम्बई इंडियंस को दो विकेट से हराकर आरसीबी अंक तालिका में शीर्ष पर

भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या के शानदार प्रदर्शन की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 54वें मुका...


thumb

आईपीएल-२६-कौन सी टीम पहुंचेगी प्लेऑफ में, कौन होगा बाहर? देखें पूरा...

39वें मैच में आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को 9 विकेट से रौंदकर सीजन की अपनी छठी जीत हासिल की है। जबकि दिल्ली को शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। वहीं डीसी की ...